खराब सड़कों के विरोध में लोगों ने करवाया मुंडन:सोलन में दो दर्जन संगठनों ने निकाली रैली; दो हफ्ते पहले की थी घोषणा

हिमाचल प्रदेश के सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में खराब सड़कों के विरोध में एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने वीरवार को सरकार और प्रशासन के खिलाफ रोष रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान पांच लोगों ने सरकार को जगाने के लिए अपना मुंडन करवाया। बद्दी-साईं मार्ग की खराब स्थिति को लेकर श्री राम सेना के नेतृत्व में 24 से अधिक सामाजिक संगठन इकट्ठा हुए। सभी ने एसडीएम बद्दी ऑफिस तक रोष रैली निकाली। श्रीराम सेना के प्रांत संयोजक राजेश जिंदल ने बद्दी-साईं मार्ग और दून विधानसभा की जर्जर सड़कों के लिए प्रशासन और नेताओं को जिम्मेदार ठहराया। लघु उद्योग संघ के प्रदेशाध्यक्ष अशोक राणा ने एक महत्वपूर्ण तथ्य उजागर किया। उन्होंने बताया कि बद्दी से सरकार को करोड़ों का राजस्व मिलता है। लेकिन पूरे साल में यहां 12 करोड़ रुपए भी खर्च नहीं किए जाते। इस कारण औद्योगिक क्षेत्र की अधिकांश सड़कें खराब हालत में हैं। प्रदर्शन में कई प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें नगर व्यापार मंडल, आर्य समाज, रोड सेफ्टी क्लब, महलोग सभा, हिम औद्योगिक कल्याण सभा, हिमालया जनकल्याण समिति और मानवाधिकार न्याय मंच के प्रतिनिधि शामिल थे। सभी ने सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई। श्रीराम सेना के प्रांत संयोजक राजेश जिंदल ने दो हफ्ते पहले ही घोषणा कर रखी कि अगर सड़कें ठीक नहीं हुई तो वो अपना मुंडन करवाएंगे। हालांकि विधानसभा लगी हुई थी लेकिन फिर भी सड़कें दुरुस्त नहीं हुई तो उनको मुंडन करवाना पड़ा। उनके त्याग को देखते हुए बद्दी निवासी संचित, हंसराज शर्मा, हैप्पी गर्ग व मनोज ने अपने सिर को मुंडवा दिया और फिर बाद में एसडीएम ऑफिस में धरना दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *