मेयर के औचक निरीक्षण में 14 सफाईकर्मी नदारद मिले, सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए

भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मेयर इंद्रजीत कौर ने वीरवार सुबह बीआरएस नगर में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 14 सफाई कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। मौके पर पहुंचे 4 कर्मचारियों ने अपनी देरी के कारण बताए, लेकिन मेयर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने जॉइंट कमिश्नर अंकुर महेंद्रू को अनुपस्थित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेयर ने ओरिएंट सिनेमा के पास सफाई कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर की जांच की, जहां कर्मचारियों की गैरहाजिरी सामने आई। इसके बाद उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नियमित तौर पर कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करें और जो कर्मचारी बार-बार ड्यूटी से गैरहाजिर रहते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मेयर ने निरीक्षण के दौरान ओरिएंट सिनेमा के पास स्थित स्टैटिक कॉम्पेक्टर स्थल का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए नगर निगम को पूरी जिम्मेदारी से काम करना होगा। स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए दोपहर में भी सफाई अभियान चलाने पर जोर दिया जा रहा है। मेयर इंद्रजीत कौर ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ माहौल देना निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसे लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निगम अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *