अबोहर में मैकेनिक की हत्या के मामले में खुलासा हुआ है। थाना सदर पुलिस ने मलूकपुरा गांव के बाइक मैकेनिक की हत्या करने पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामा के साथ हुए झगड़े का बदला देने के लिए भांजे समेत आरोपियों ने युवक की हत्या कर दी। घटना 21 मार्च की है। पुलिस ने बताया कि मृतक खुशहाल चंद मलूकपुरा का रहने वाला था। अबोहर में मैकेनिक का काम करता था। करीब 14 साल पहले उसका गांव के ही रहने वाले रमेश कुमार से दीवार को लेकर विवाद हुआ था। इस झगड़े में खुशहाल ने रमेश पर हमला किया था। इस हमले के बाद से रमेश की मानसिक स्थिति खराब हो गई थी। पार्टी में भांजे ने मामा की हालत देख बनाई योजना एक महीने पहले रमेश के घर पर बच्चे के जन्म की खुशी में पार्टी का आयोजन किया गया था। रमेश अपनी मानसिक स्थिति के कारण इस खुशी को नहीं मना पाया। पार्टी में मौजूद रमेश के भांजे पारस ने अपने मामा की यह स्थिति देखी। उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर खुशहाल की हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने तकनीकी साधनों और खुफिया सूत्रों की मदद से इस अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाया। जांच में पता चला कि पारस ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपने मामा का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। घटना से पहले की रेकी दिवानखेड़ा के रहने वाले पारस ने अपने दोस्तों पवन और राहुल के साथ मिलकर घटना के एक दिन पहले नहर के निकट रेकी की थी। उन्होंने देखा कि खुशहाल किस समय रात को आता है। 21 मार्च की रात को उन्होंने उसे मलूकपुर नहर के निकट ही घेरकर उसकी हत्या कर दी। सीसीटीवी का मदद से गुत्थी सुलझी वहीं थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि अनसुलझी गुत्थी को सुलझाने के लिए उन्होंने गांव के निकट लगे कैमरों की जांच पड़ताल की। जिसमें तीनों को रेकी करते हुए देखकर इनके बारे में परिवार से पूछताछ की। उनके चेहरे पहचान में आने पर पूरी घटना के बारे में पता चल सका।


