भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शहर के नवनिर्वाचित पार्षदों के लिए नगर निगम में उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पार्षदों को वार्डवासियों को मिलने वाले योजनाओं के लाभ, हेल्थ सिस्टम के काम के तरीके, मौसमी बीमारी की वजह और इससे बचाव सहित अन्य जरुरी जानकारी दी गई। निगम सभाकक्ष में हुए कार्यशाला में निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरात, निगम अध्यक्ष टोपेंद्र पारस वर्मा व स्वास्थ विभाग के प्रभारी सदस्य शैंकी बग्गा मौजूद थे। आयुक्त विश्वकर्मा ने कार्यशाला के उद्देश्य के बारे में नवनिर्वाचित पार्षदों को बतया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य की दृष्टि से हम शहर में क्या करते हैं, क्या अपेक्षाएं हैं और स्वास्थ्य संबंधी वार्डवासियों को लाभ देने शासन की क्या योजनाएं संचालित है। इन सभी की जानकारी देने कार्यशाला का आयोजन किया गया है। आयुक्त विश्वकर्मा ने कहा कि हर आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग वार्डों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में विभिन्न बीमारियों के लिये शिविर लगाती है। जिसका अधिक से अधिक लाभ लोगों को दिलाने में पार्षद अहम भूमिका निभा सकते हैं। पार्षदों की सक्रियता से आम लोगों को ऐसी योजनाओं और शिविरों का लाभ अधिक से अधिक मिले।


