भास्कर न्यूज | राजनांदगांव/ उपरवाह कृषि विज्ञान केंद्र राजनांदगांव में बुधवार को किसान सम्मेलन सह कार्यशाला हुई। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, भारतीय कृषि अनुसंधान प्रबंध अकादमी व इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने छत्तीसगढ़ के नवाचारी किसानों को सम्मानित किया। आईसीएआर नार्म प्रसार प्रबंध मंडल हैदराबाद के प्रमुख व प्रधान अन्वेषक डॉ. वेंकट कुमार, राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान प्रबंधन अकादमी हैदराबाद के प्रधान अन्वेषक डॉ. पी वेंकटेशन, राष्ट्रीय जैविक स्ट्रैस प्रबंधन संस्थान रायपुर के सह प्रधान अन्वेषक डॉ. पी मुवेंथन, कृषि केंद्र राजनांदगांव की वरिष्ठ वैज्ञानिक व प्रमुख डॉ. गुंजन झा, सांसद प्रतिनिधि जीडी साहू, आईसीएआर एनआईबीएसएम रायपुर की वैज्ञानिक डॉ. श्रावणी सानयाल, आईसीएआर नार्म हैदराबाद के एसआरएफ डॉ. बोडा महेश नायक ने किसानों से उनके नवाचार के संबंध में सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में राज्य के नवाचारी किसान शामिल हुए। राजनांदगांव जिले के नवाचारी व डॉ. खूबचंद बघेल कृषि रत्न पुरस्कार प्राप्त किसान अनेश्वर वर्मा व अन्य प्रगतिशील, नवाचारी किसान उपस्थित थे। किसानों को स्प्रेयर व धान बीज वितरित किया। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अतुल डांगे, डॉ. नूतन रामटेके, अंजली घृतलहरे, मनीष कुमार सिंह, डॉ. योगेंद्र श्रीवास, जितेंद्र मेश्राम व आशीष गौरव शुक्ला मौजूद थे। डॉ. गुंजन झा ने आभार व्यक्त किया।


