झारखंड में हाथी का उत्पात, चार लोगों की ली जान:गुमला और सिमडेगा में दो-दो लोगों को कुचला, दहशत में जी रहे ग्रामीण

झारखंड में शुक्रवार को एक हाथी का उत्पात देखने को मिला। झुंड से बिछड़े हाथी ने गुमला और सिमडेगा में दो-दो लोगों को कुचल कर मार डाला। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों घटनाओं में एक ही हाथी शामिल है। इधर, इस घटनाओं के बाद ग्रामीण दहशत में हैं और हाथी को सुरक्षित जोन में स्थानांतरित करने की मांग की है। मृतकों की पहचान गुमला के पालकोट निवासी क्रिस्टोफर एक्का (60), हेमवती देवी (35) और सिमडेगा के रहने वाले बानो थाना क्षेत्र निवासी सिब्रिया लुगुन व विकास ओहदार के रूप में की गई। गुमला में दो लोगों को हाथी ने जख्मी भी कर दिया है। उनका इलाज जारी है। गुमला में महिला समेत दो की मौत
पहली घटना गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित बरडीह और देवगांव चापा टोली इलाके में हुई। क्रिस्टोफर एक्का शौच के लिए घर से कुछ दूर गए थे। इसी दौरान जंगली हाथी ने उन्हें कुचल दिया। 40 वर्षीय अजय मिंज पुआल लेकर जा रहे थे, तब हाथी ने उन पर हमला किया। तीसरे व्यक्ति इमिल बा भी हाथी के हमले में घायल हुए। वहीं, तेतर टोली निवासी हेमवती देवी लाह चुनने जंगल गई थी। इस दौरान जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसकी मौत हो गई। सिमडेगा में घर पर हमला कर हाथी ने मारा
इधर, हाथी गुमला से सिमडेगा पहुंचा और यहां दो लोगों की जान ले ली है। बानो थाना क्षेत्र के पाबुड़ा पंचायत में पहली घटना में महुआ चुनने गई सिब्रिया लुगुन को हाथी ने कुचल दिया। जिला परिषद सदस्य ने मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 10 हजार रुपए दिए। कुछ देर बाद बानो के बुरूइरगी में हाथी ने विकास ओहदार के घर पर हमला कर उन्हें मार डाला। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर निशाना बना रहा है। बानो क्षेत्र में हाथी के बढ़ते आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। लोग न तो घर में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और न ही बाहर जाने में। ग्रामीणों ने वन विभाग से पीड़ितों को मुआवजा देने और हाथी को सुरक्षित जोन में स्थानांतरित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो हाथी और लोगों की जान ले सकता है। खेतों में लगी फसलें बर्बाद हो रही इधर, गुमला में ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथी लगातार इलाके में उत्पात मचा रहा है। इससे किसानों के घर और खेतों में लगी फसलें बर्बाद हो रही हैं। उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा और मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी भी जंगली हाथी के क्षेत्र में रहने की वजह से भय का माहौल है। ग्रामीणों को पटाखे और टॉर्च बांटे जा रहे वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएफओ ने ग्रामीणों से जंगली हाथी से दूर रहने की अपील की है। सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को पटाखे और टॉर्च बांटे जा रहे हैं। वन विभाग की टीम इलाके में निगरानी कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *