धनबाद साइबर पुलिस ने वेश्यावृति के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी सिकंदर यादव, चंदन यादव और विवेक साहू बरवा अड्डा थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। ये तीनों मूल रूप से हजारीबाग के रहने वाले हैं। साइबर डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने बरवा अड्डा थाना क्षेत्र में रंजीत महतो के मकान में छापेमारी की। इस दौरान तीनों आरोपियों को प्रतिबिंब प्लॉटेड मोबाइल नंबर वाले सिम के साथ पकड़ा गया। एडल्ट प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन डालते थे आरोपियों के पास से 9 मोबाइल, 14 सिमकार्ड, 13 एटीएम कार्ड और 50 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि ये लोग मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद में वेश्या उपलब्ध कराने के नाम पर ग्राहकों से संपर्क कर ठगी करते थे। इनका एक वेश्यावृति गिरोह भी था। साइबर पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है। यह गिरफ्तारी साइबर अपराध से लड़ने में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।


