रामगढ़ जिले की ताला तांड मस्जिद आला हजरत और जामा मस्जिद में रमजान के आखिरी अलविदा जुमे के मौके पर वक्फ बिल का विरोध देखने को मिला। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। यह विरोध ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की अपील के बाद की गई। बोर्ड ने देशभर के मुसलमानों से वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध की अपील की थी। विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि केंद्र सरकार मुस्लिम समुदाय के साथ जानकर भेदभाव कर रही है। उनका मानना है कि सरकार अपने वोटरों को खुश करने के लिए ऐसा कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन सरकार को देश के हर नागरिक और हर समुदाय के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। इस विरोध प्रदर्शन में शाहिद अफरीदी, नासिर अंसारी, राउफ अंसारी, मोहम्मद तारिक, मोहम्मद असगर अली, शमशाद अंसारी, हफिजुल अंसारी और मोहम्मद वजिर सहित कई लोग मौजूद थे।


