शुक्रवार को रायपुर में भाजपा ने ‘सौगात-ए-मोदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान रायपुर की मुस्लिम महिलाओं को एक खास किट बांटी गई। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईद पर दी जाने वाली ईदी (एक तरह से शगुन का तोहफा) बताया। रायपुर के एकात्म परिसर और वक्फ बोर्ड दफ्तर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें खासतौर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दिकी शामिल हुए। उन्होंने सौगात-ए-मोदी किट महिलाओं को बांटी। इसमें आधा किलो शक्कर, खजूर, साड़ी-सूट के कपड़े, सेवइयां महिलाओं को दी गई। जमाल सिद्दीकी ने इस दौरान देश में छाए औरंगजेब विवाद और मुस्लिमों पर कांग्रेस की राजनीति के मुद्दे पर बड़े बयान दिए। भारतीय मुस्लिम औरंगजेब को नहीं मानते
जमाल सिद्दीकी ने कहा, कभी सुना है कि औरंगजेब के मजार पर उर्स हुआ है। औरंगजेब को भारत का कोई मुसलमान नहीं मानता। यह कांग्रेस और सपा का खड़ा किया विवाद है। महाराष्ट्र के सपा नेता अबू आजमी की राजनीति खत्म हो रही थी, इसलिए उन्होंने औरंगजेब की तारीफ करते हुए इसे एक मुद्दा बनाकर गड़बड़ी करने का काम किया, वरना मुसलमान तो अपने बच्चों का नाम औरंगजेब नहीं रखता है। दरअसल, महाराष्ट्र के अबू आजमी के औरंगजेब की तारीफ में दिए बयान के बाद विवाद के हालात बन गए। नागपुर में दो गुटों में हिंसा और तोड़फोड़ भी हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने औरंगजेब की कब्र हटाने से जुड़े बयान दे डाले। इससे संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) जहां औरंगजेब की कब्र मौजूद है, वहां भी विवाद के हालात बने थे। कांग्रेस के तंबू से मुसलमान बंबू हटा रहा है
सौगात-ए-मोदी कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा चुनाव और वोट की वजह से मुस्लिमों से जुड़ा ये कार्यक्रम कर रही है। इसपर जमाल सिद्दीकी ने कहा, कांग्रेस जो फेल हो चुकी है, मुसलमान ने कांग्रेस का भरपूर साथ दिया। बिरयानी भी खिलाई.. इफ्तारी भी कराई..टोपी भी पहनाई… मगर कांग्रेस ने कभी मुस्लिमों का विकास नहीं किया। अब प्रधानमंत्री ईदी दे रहे हैं तो कांग्रेसियों को लग रहा है कि वो चूक गए। मुस्लमानों को तोहफे बांटना क्या चुनावी स्टंट?
जमाल सिद्दीकी ने इसे लेकर कहा, भारतीय जनता पार्टी वोट के लिए काम नहीं करती। हम विकास की राजनीति करते हैं। हम हर वर्ग का विकास चाहते हैं, हमें भारत को विकसित भारत बनाना है। प्रधानमंत्री का काम गरीब कल्याण को समर्पित है। हमारी विचारधारा है, समाज के वंचितों पीड़ितों के लिए काम करना। उनके चेहरे पर मुस्कान लेकर आए हमारी यही प्रयास है। जमाल ने कहा कि भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा इस कार्यक्रम को सिर्फ मुस्लिमों के लिए आयोजित नहीं कर रहा है। आने वाले दिनों में बैसाखी, गुड फ्राइडे और ईस्टर है। अल्पसंख्यक समुदाय के 32 लाख घरों तक हम पहुंचेंगे। 22 अप्रैल तक ये अभियान चलेगा। महिलाओं को मिली सौगात
भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में “सौगात-ए-मोदी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के 150 महिलाओं और बच्चों को सौगात किट भेंट की गई। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद ने भी कार्यक्रम में उपस्थित मुस्लिम भाई-बहनों को रमजान और ईद की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद रायपुर के वक्फ बोर्ड कार्यालय में भी वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज की मौजूदगी में महिलाओं को त्योहार के तोहफे वाली किट बांटी गई। सौगात ए मोदी पर कांग्रेस क्या बोली
भारतीय जनता पार्टी के द्वारा मुस्लिमों को “सौगात-ए-मोदी” नाम से खजूर, सेवई देने पर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा बताए, क्या मुस्लिमों को दी जाने वाली यह सामग्री तुष्टीकरण नहीं है। यदि विपक्ष का कोई नेता इफ्तार दावत देता है तो भाजपाई हाय तौबा करते हैं और उसे तुष्टीकरण का नाम देते हैं। देश के मुस्लिमों को ईद के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी से खैरात नहीं चाहिए। शुक्ला ने कहा कि भाजपा का मुस्लिम प्रेम बिहार चुनाव को सामने देखकर उमड़ा है।


