छत्तीसगढ़ के महासमुंद में नेशनल हाईवे 53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर एक कार से 53 लाख रुपए की नकदी बरामद की गई है। यह मामला सिघोड़ा थाना क्षेत्र का है। पुलिस टीम चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट डिजायर (MH-02 CR 2126) को रोका गया। कार चालक ने अपनी पहचान नागपुर, महाराष्ट्र निवासी शशांक कोठार (26) के रूप में बताई। पिछली सीट से मिला काला बैग, नहीं दिखा पाया दस्तावेज कार की तलाशी में पिछली सीट से एक काला बैग मिला। पूछताछ में शशांक ने बताया कि बैग में 53 लाख रुपए नकद हैं। उसके अनुसार वह यह राशि रांची, झारखंड से नागपुर ले जा रहा था। पुलिस ने जब राशि से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह पेश नहीं कर पाया। हवाला से जुड़े होने की आशंका, आयकर विभाग को सौंपा जाएगा मामला पुलिस ने नकदी को अपनी कस्टडी में ले लिया है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं यह हवाला का पैसा तो नहीं है। पुलिस जल्द ही यह मामला आयकर विभाग को सौंपने की तैयारी कर रही है।


