महाकुम्भ 2025 के मौके पर प्रयागराज से करोड़ों श्रद्धालु मोहनसराय के रास्ते वाराणसी आएंगे। मोहनसराय से लहरतारा तक सिक्स लेन निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आने पर अधिशासी अभियंता और ठेकेदार के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। कमिश्नर कौशल राज शर्मा के आदेश पर पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता ने दोनों को नोटिस जारी करने के साथ ही एई के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। कमिश्नर ने चेतावनी दी कि 31 दिसंबर तक काम पूरा नहीं हुआ तो ठेकदार को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। लोक निर्माण विभाग वाराणसी में इस समय छह सड़कों का निर्माण करा रहा है। कमिश्नर कौशलराज शर्मा ने लोक निर्माण के कार्यों की समीक्षा में पाया कि बीएचयू, लहरतारा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में जल निगम बाधा बन रहा। कई बार कहने पर भी भिखारीपुर से बीएचयू गेट तक पाइपलाइन शिफ्टिंग में लापरवाही हो रही है जिससे प्रोजेक्ट समय से पूरा नहीं हो पाएगा। चौड़ीकरण कार्य में लोक निर्माण के एई की लापरवाही सामने आई। कमिश्नर ने मुख्य अभियंता को तत्काल जल निगम और लोक निर्माण के एई को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। दालमंडी की सड़क चौड़ीकरण जल्दी शुरू करें कमिश्नर ने समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग को कहा कि नगर निगम का काम पूरा हो चुका, अब सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से शुरू कराएं। दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण को विभागीय कवायद शीघ्र शुरू किया जाए। कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वाराणसी – भदोही मार्ग चौड़ीकरण के कार्य को जल्दी समाप्त करें। कमिश्नर का कहना था कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज के रास्ते इस मार्ग से वाराणसी आएंगे। शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाई न हो इसके लिए जगह जगह साइनेज लगवाएं, सड़क किनारे पौधरोपण कराया जाए। ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उसे ठीक करें। पांडेयपुर चौराहे के सुंदरीकरण के लिए कमिश्नर ने फसाड लाइट, इंटरलॉकिंग लगवाने के लिए नगर आयुक्त को तत्काल प्रोजेक्ट बनाकर कार्य शुरू कराने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी एस राजलिंगम, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, एसडीएम सदर सार्थक अग्रवाल, एडीएम सिटी आलोक वर्मा समेत अन्य विभागीय अधिकारी शामिल रहे।


