नगर निगम चुनाव में प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार के साथ ही सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। सोशल मीडिया पर जहां हर एक्टिविटी की जानकारी दी जा रही है। वहीं, इस बार के निगम चुनावों में डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल हो रहा है। नए तरीके को अपनाते हुए कैंपेनिंग भी डिजिटल की जा रही है। प्रत्याशियों द्वारा अपने वोटर्स के लिए पर्सनलाइज्ड मैसेज भेजे जा रहे हैं। वोटर स्लिप भी वॉट्सएप पर भेजी जा रही है जिसमें प्रत्याशी अपनी फोटो के साथ ही वोटर स्लिप की सारी जानकारी जैसे नाम, सीरियल नंबर, बूथ नंबर, आईडी कार्ड, उम्र, बूथ का नाम भी शामिल है। इसके अलावा वीडियो मैसेज भी भेजे जा रहे हैं। इसमें वोटर्स से वोट की अपील की जा रही है। इस वीडियो क्लिप को ज्यादा लंबा न रखते हुए 22-23 सेकेंड का ही रखा गया है जिससे कि लोगों का समय भी ज्यादा न लगे और वोट की अपील भी की जा सके। इस वीडियो मैसेज के साथ ही वोटर स्लिप जा रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो मैसेज को सांझा किया जा रहा है। नगर निगम के चुनाव 21 दिसंबर को होंगे और नियमों के तहत चुनावों से 48 घंटे पहले सीधे प्रचार और वोटर्स से सीधे संपर्क की मनाही है। ऐसे में अब डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा और वोट की अपील की जाएगी। लुधियाना में 11.65 लाख वोटर हैं और 447 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस प्रचार के अलावा सोशल मीडिया पर रील्स भी शेयर की जा रही हैं।


