भास्कर न्यूज | लुधियाना गुरू गोबिंद सिंह जी के वीर पुत्रों, साहिबजादा जोरावर सिंह और फतेह सिंह जी के बलिदान के मौके पर 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाता है। इसको लेकर स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च व ट्रेनिंग पंजाब की ओर से सभी स्कूलों को विभिन्न एक्टीविटीज करवाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए भेजे गए पत्र में कहा गया है कि भारत के भविष्य की नींव के तौर पर बच्चों को सम्मानित करने के लिए यह दिवस मनाया जा रहा है। इस साल इसका थीम वीरता रखा गया है। इसके लिए स्कूल में 24 दिसंबर तक विभिन्न एक्टीविटीज करवाई जाएगी। यह एक्टीविटीज 24 दिसंबर को मुख्य समारोह के साथ खत्म होगी। इस दौरान स्टूडेंट्स को प्रधानमंत्री वीरता पुरस्कार हासिल करने वाले बच्चों के बारे में भी बताया जाएगा। वहीं स्कूलों में करवाई जाने वाली इन गतिविधियों को बारे में एससीईआरटी की वेबसाइट पर मेल करना होगा। भारत के लिए “मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। वीर बाल दिवस के मौके पर मेरे सपनों का भारत, मुझे किससे खुशी होती है, विषय पर चित्रकला, कहानी एवं निबंध लेखन की गतिविधियां होंगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षाधिकारियों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्त स्टूडेंट्स की प्रेरणादायी कहानियां सुनाने के निर्देश दिए हैं।


