भगवा रंग में सजा PM मोदी का मंच:सभास्थल के पीछे बना PM सचिवालय, CS-DGP ने देखा ट्रैफिक प्लान,कहा-पावर बैकअप और साउंड सिस्टम दुरुस्त रहे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर दौरे पर रहेंगे। यहां बिल्हा ब्लॉक के मोहभट्‌टा में उनकी जनसभा होगी, जिसकी तैयारी अंतिम दौर पर है। एसपीजी की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभास्थल और आसपास के इलाकों को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रोटोकॉल के मुताबिक सभास्थल के पीछे VVIP लांज के साथ ही पीएम सचिवालय भी बनाया गया है। वहीं, सभास्थल और मंच को भगवा रंग से सजाया गया है। शुक्रवार को मुख्य सचिव (CS) और पुलिस महानिदेशक (DGP) ने सभास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक प्लान, पावर बैकअप, साउंड सिस्टम के साथ ही मंच को लेकर निर्देश दिए। डीजीपी ने कहा कि ट्रैफिक प्लान के बारे में जवानों को भी जानकारी होनी चाहिए। भीषण गर्मी में होगी सभा बता दें कि पीएम मोदी यहां एक घंटा रहेंगे। उनकी सभा भीषण गर्मी में दोपहर 2 बजे होगी। सभा में पहुंचने वालों की जांच की जाएगी। लिहाजा, लोगों को सभास्थल पर तीन घंटा पहले पहुंचना होगा। पिछले 15 दिन से सभास्थल पर तैयारियां चल रही है। लगातार जिला प्रशासन के साथ ही राज्य शासन के अफसर सभास्थल पर दौरा कर रहे हैं। वहीं, अब पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए एसपीजी के अफसरों ने कमान संभाल लिया है। हिंदू नववर्ष का शुभारंभ, इसलिए चुना भगवा रंग जिस दिन पीएम मोदी की बिलासपुर में जनसभा होगी, उस दिन नवरात्र पर्व का पहला दिन है। साथ ही हिंदू नववर्ष की प्रतिपदा तिथि होगी। यही वजह है कि पीएम मोदी के मंच को भगवा रंग से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही सभास्थल और आसपास भगवा रंग का पंडाल बनाया गया है। CS और DGP पहुंचे बिलासपुर, सभास्थल का किया निरीक्षण प्रधानमंत्री मोदी बिल्हा के मोहभट्ठा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्य सचिव जैन और डीजीपी गौतम कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने मुख्य मंच, हेलिपेड, ग्रीन रूम, सांस्कृतिक मंच व हितग्राहियों की बैठक व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्युत विभाग को पावर बैकअप की व्यवस्था करने कहा। उन्होंने ईएंडएम विभाग को साउंड और कनेक्शन की व्यवस्था को पहले से ही चेक करने के निर्देश दिए ताकि मुख्य कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की समस्या न आए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को मंच व बैरिकेड्स की व्यवस्था का भी मानक के अनुसार परीक्षण करने और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीजीपी गौतम ने सुरक्षा, पार्किंग, बैठक व अन्य व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की और उन्होंने सुरक्षा में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी सतर्कता व तत्परता से कार्य करने कहा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल में बड़ी संख्या में लोग पहुचेंगे। इसे देखते हुए ट्रैफिक प्लान को बेहतर रखें। कलेक्टर ने अफसरों को बताया ट्रैफिक प्लान इस दौरान कलेक्टर अवनीश शरण ने मुख्य सचिव और डीजीपी को ट्रैफिक प्लान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभास्थल पर सभी दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जिसमें यह भी ध्यान रखा गया है कि गर्मी में लोगों को ज्यादा परेशान न हो और ज्यादा दूर पैदल न चलना पड़े। डीजीपी अरूण देव ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात जवानों को ट्रैफिक प्लान की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों के सुरक्षा, सुविधा तथा कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बेहतर कार्य करने कहा। कलेक्टर अवनीश शरण ने सीएम की मंशा के मुताबिक सभी तैयारी किए जाने की बात कही। निरीक्षण के मौके पर एसीएस व कार्यक्रम प्रभारी मनोज पिंगुआ, एडीजीपी प्रदीप गुप्ता, संभागायुक्त महादेव कावरे, आईजी संजीव शुक्ला, एसपी रजनेश सिंह सहित अन्य मौजूद थे। 33 हजार 700 करोड़ के विकास परियोजनाओं की सौगात इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी 33 हजार 700 करोड़ के प्रोजेक्ट लॉन्च करेंगे। इनमें बिजली, तेल, गैस, रेल, सड़क, शिक्षा और आवास जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 540 किमी की पेट्रोल-डीजल पाइप लाइन प्रोजेक्ट का भी आधारशिला रखेंगे। वहीं, 29 जिलों में 130 हाईटेक पीएमश्री स्कूल बनाने की घोषणा करेंगे। पीएमश्री स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड, आधुनिक लैब और लाइब्रेरी से अपग्रेड होंगे। पीएम आवास योजना के तहत 3 लाख लाभार्थियों का गृह प्रवेश होगा, जिन्हें PM मोदी चाबियां भी सौंपेंगे। इस दौरान अभनपुर-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें पीएम जनमन योजना के तहत विशेष रूप से बिरहोर, बैगा और पहाड़ी कोरवा जैसी जनजातियों के लिए योजनाएं भी शामिल हैं, जो छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचल के विकास को नई दिशा देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *