जयपुर में वीर तेजाजी मंदिर में शुक्रवार देर रात असामाजिक तत्वों ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने शनिवार सुबह प्रताप नगर एरिया में जयपुर-टोंक रोड पर जाम लगा दिया। सांगानेर थाना क्षेत्र में लगे जाम में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद हनुमान बेनीवाल, विधायक विकास चौधरी और रामनिवास गावड़िया भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए जांच की मांग की। पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश का प्रयास कर रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमितोष पारीक – यह तेजाजी का बहुत पुराना स्थान है। यहां हर साल मेला भरता है। तेजाजी की मूर्ति खंडित हुई है। पुलिस प्रशासन ने 12 घंटे का समय मांगा है। लोगों की धार्मिक भावना आहत हुई है, इसलिए विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम किया है। जब तक पुलिस प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलता, लोग सड़कों पर रहेंगे। टोंक रोड जाम, प्रशासन अलर्ट मौके पर हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।


