नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान
अनूपपुर। शासकीय महाविद्यालय जैतहरी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम लहरपुर में सात दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिसमें स्वयंसेवकों ने प्रातः काल प्रभात फेरी निकाली तत्पश्चात योग एवं प्राणायाम किये। शिविर के छठवें दिन रासेयो स्वयंसेवकों ने परियोजना कार्य के अंतर्गत गांव में जनसंपर्क किए। जनसंपर्क के माध्यम से रासेयो स्वयंसेवकों द्वारा ग्रामीणजनो को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया एवं विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया। स्वयंसेवकों ने शिक्षा के प्रति बच्चों को विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किए। साथ ही ग्रामीणजन को कहा कि घर के आस पास साफ सफाई रखें जिससे डेंगू,मलेरिया जैसे बिमारियां न हो सके। तत्पश्चात स्वयंसेवकों के द्वारा ग्राम लहरपुर के मुख्य चैराहे पर बाल विवाह पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की गई। स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर कहा कि आप सभी कम उम्र में बच्चों की शादी न करें और बच्चों को पढ़ने लिखने का अवसर प्रदान करें ताकि बच्चे पढ़ लिखकर आगे बढ़े। इसके अलावा ग्रामीणों को समझाया कि बाल श्रम एवं बाल विवाह करना कानूनी अपराध है। स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण पर गीत- संगीत प्रस्तुत किये। तथा जन समुदाय से कहा कि आप सभी पौधरोपण जरूर करें। इस गीत के माध्यम से वो लोगों से आह्वान कर रहे हैं कि आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण को बचाना अति आवश्यक है। रासेयो के वरिष्ठ स्वयंसेवक मोहन सिंह ने राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार के तरफ से सभी ग्रामीणजनो का आभार किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश सिंह वाटे, रासेयो पुरुष कार्यक्रम अधिकारी प्रो.राज कुमार सिंह,रासेयो महिला कार्यक्रम अधिकारी प्रो.संगीता उइके एवं शिविर में सहभागिता करने वाले सभी राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सहित भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


