एसडीओ ने उच्च विद्यालय ओखरगड़ा का किया भ्रमण, आवश्यक जानकारी ली

गढ़वा|गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने उच्च विद्यालय ओखरगड़ा का औचक भ्रमण किया। जहां उन्होंने शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं से विद्यालय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक जानकारी ली व विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कक्षा 10 के छात्र-छात्राओं को रोचक तरीके से त्रिकोणमिति का चैप्टर भी पढाया। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों इस विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तथा स्कूल के प्रधानाचार्य पर कई आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था, उपरोक्त को लेकर बीडीओ तथा बीईईओ के द्वारा आवश्यक जांच व कार्रवाई की गई थी। विद्यालय पहुंचकर संजय कुमार ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्य, शिक्षकों व लिपिक से पक्ष जाना। आवश्यक जानकारी लेने के उपरांत एसडीओ ने छात्र-छात्राओं द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। पंजीकरण के नाम पर अतिरिक्त राशि लेने के मामले में प्रधानाध्यापक द्वारा बताया गया कि सरस्वती पूजा आयोजन के लिए बच्चों से कुछ अतिरिक्त राशि ली जा रही थी किंतु बच्चों की असहमति के बाद उक्त राशि सभी बच्चों को वापस कर दी गई है। इस पर एसडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस प्रकार की पुनरावृत्ति भविष्य में नहीं होना चाहिए। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष द्वारा छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मामले में बीडीओ तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से जानकारी ली गई। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन हेतु नई समिति के नियमानुसार चुनाव करवाने का निर्देश दिया गया। विद्यालय परिसर के सीमांकन हेतु प्रधानाध्यापक को सुझाव दिया गया कि वे इस संबंध में संबंधित अंचल कार्यालय को विहित प्रक्रिया अपनाते हुए आवेदन कर दें। विद्यालय भ्रमण के दौरान उन्होंने दसवीं कक्षा के बच्चों के बीच जाकर कुछ देर संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि उन्हें कौन सा विषय व चैप्टर सबसे कठिन लगता है? बच्चों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें गणित विषय का त्रिकोणमिति सब्जेक्ट सबसे मुश्किल लगता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *