बलौदाबाजार में आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज के गोंड़वाना सामूहिक विवाह एवं महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिरकत की। नवीन कृषि उपज मंडी में आयोजित सम्मेलन में 44 जोड़ों का विवाह पारंपरिक गोंडी रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया। मुख्यमंत्री ने बलौदाबाजार और खल्लारी सुहेला में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20-20 लाख रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन और न्यूवोको सीमेंट के साथ एमओयू किया गया। साथ ही समाज के उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। CM ने दिया नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद मुख्यमंत्री ने भगवान बूढ़ा देव की पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने पीले वस्त्र की पगड़ी और गजमाला से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए शादी का खर्च बड़ी जिम्मेदारी होती है। सामूहिक विवाह से कम खर्च में परंपरागत तरीके से विवाह संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में 5 हजार रुपए की सहायता राशि अब बढ़कर 50 हजार रुपए हो गई है। सीएम साय ने कहा कि उनकी सरकार मोदी की गारंटी के तहत अधिकांश वादे पूरे कर चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आर्थिक सहायता राशि का चेक और सामग्री प्रदान की। सरकार की योजनाओं की जानकारी दी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए में खरीदी तथा अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान किया जा रहा है। इसी तरह महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को फिर से शुरू किया गया है, जिसमें बुजुर्ग, दिव्यांग, विधवा एवं परित्यक्ता निःशुल्क तीर्थ यात्रा के लिए जा सकेंगे। कार्यक्रम क़ो राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक तुलेश्वर नेताम, गोंड़ समाज के जिला अध्यक्ष भागबली ध्रुव ने भी संबोधित किया। कलेक्टर दीपक सोनी ने स्वागत भाषण प्रतिवेदन मे जिला प्रशासन की उपलब्धियों एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी दी।


