गढ़वा जिले में पुलिस ने टीएसपीसी नक्सली संगठन के नाम पर लेवी वसूलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य सरगना शाहीद अंसारी है, जो खुद को टीएसपीसी एरिया कमांडर पंकज बताता था। उसके साथ भंडरिया के नौका निवासी अशोक सिंह और डंडा छपरदागा के मकदस अंसारी को भी पकड़ा गया है। चितकबरा वर्दी भी बरामद पुलिस ने आरोपियों से एक देसी कट्टा, टॉय बंदूक, लूटे गए मोबाइल, नक्सली पर्चा, चितकबरा वर्दी और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। गढ़वा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि रंका थाना क्षेत्र के गासेदाग क्रशर और माइंस के पास तीनों अपराधी मौजूद हैं। इस पर एसपी (अभियान) राहुल देव बड़ाइक, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह और प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीव मंडल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। गोली मारने की धमकी देते थे 18 मार्च को गासेदाग क्रशर प्लांट के प्रभारी मोहन मुरारी देव ने मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि अपराधी क्रशर और माइंस के मालिक को फोन कर लेवी मांगते थे। काम बंद नहीं करने पर गोली मारने की धमकी देते थे। शाहीद ने क्रशर और स्टोन माइंस के पास नक्सली पर्चे भी चिपकाए थे।


