कम शिक्षा को विरोधी मुद्दा न बना लें इसलिए 31% उम्मीदवारों ने नामांकन में लिखी ही नहीं

भास्कर टीम | अमृतसर अमृतसर नगर निगम के चुनावी मैदान में उतरे 477 प्रत्याशियों में से 149 (31 प्रतिशत) ने नामांकन में अपनी शिक्षा ही नहीं बताई, ताकि कहीं उनका कम पढ़ा-लिखा होने का मुद्दा उठाकर विरोधी उन्हें मात न दे दें। दूसरी तरफ सियासी रण में सबसे अमीर उम्मीदवार वार्ड 84 के कांग्रेस के रशपाल सिंह हैं। उनके पास कुल 18.67 करोड़ की संपत्ति है। रशपाल बिजनेसमैन होने के साथ ही किसानी भी करते हैं। सबसे ज्यादा लोन भी रशपाल ने ही उठा रखा है, जो कि 4.31 करोड़ है। अमीर प्रत्याशियों में दूसरे नंबर विकास सोनी तो तीसरे नंबर पर प्रियंका शर्मा है। शिक्षा की बात करें तो सीए से लेकर डेंटल सर्जन तक अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नामांकन में अपनी शिक्षा न िलखने वाले 149 उम्मीदवारों के अलावा बाकी उम्मीदवारों में 85 10वीं पास, 82 12वीं पास, 49 ग्रैजुएट्स, 19 पोस्ट ग्रैजुएट, 19 आठवीं पास, 16 अशिक्षित, आठ 8वीं से कम पढ़े, 9 एडवोकेट, 2 नौंवीं पास, 2 फार्मासिस्ट, 1 रेडियोग्राफर, 1 डेंटल सर्जन, 1 एमबीबीएस डॉक्टर, एक सीए और 14 के डॉक्यूमेंट अपलोड नहींं हैं। वार्ड 84 से रशपाल िसंह के पास संपत्ति करीब 18.67 करोड़ रुपए हैं। जिसमें 17.87 करोड़ रुपए अचल तो 17.46 लाख रुपए चल संपत्ति शो किया है। वहीं दूसरे नंबर पर 11.32 करोड़ रुपए के साथ वार्ड 52 से कांग्रेस प्रत्याशी विकास सोनी अमीर प्रत्याशी है। इन्होंने अपनी अचल संपत्ति 7.03 करोड़ तो चल संपत्ति 4.29 करोड़ बताई है। 8.25 करोड़ रुपए के साथ तीसरे नंबर पर वार्ड 11 से आप प्रत्याशी प्रियंका शर्मा हैं। चल संपत्ति 4.62 करोड़ तो अचल 3.63 करोड़ शो की है। जबकि 6.21 करोड़ रुपए आय के साथ चौथे नंबर पर वार्ड 85 से आजाद प्रत्याशी नताशा गिल हैं। इनके पास 4.95 करोड़ रुपए अचल तो 23.92 लाख चल संपत्ति शो की है। रछपाल सिंह वार्ड 12 के अश्विनी कुमार ने संपत्ति निल दिखाई… वार्ड 43 से प्रत्याशी अवतार सिंह ने अपनी संपत्ति 6000 रुपए शो की है। इसी तरह वार्ड 12 से अश्विनी कुमार ने तो चल-अचल दोनों ही संपत्ति निल दिखाई है। वार्ड 14 से अनुज खेमका ने खुद के पास 5000 हजार रुपए तो वार्ड 37 से रविंदर कौर ने 5000 रुपए, वार्ड 75 से हरजीत सिंह ने 1050 रुपए, वार्ड 30 से सिमरनजीत कौर 3000 रुपए, वार्ड 79 से पूजा ने 5 हजार और वार्ड 79 से अमनजीत कौर ने 1500 रुपए तो वार्ड 46 से अमित कुमार ने चल संपत्ति 2 हजार रुपए शो की है। वहीं प्रत्याशियों ने हार के डर से अपनी शैक्षिक योग्यता तो छिपा ली है। राजनीति से जुड़े लोगों की मानें तो चुनाव के दौरान वैसे तो कई चीजें लोग पेश किए जाने वाले एफिडेविट में छिपा लेते हैं। लेकिन शिक्षा और कारोबार प्रत्याशियों को छिपाना नहीं चाहिए। चूंकि लोगों को इससे मतलब नहीं होता कि प्रत्याशी कितना अमीर-गरीब है। 2 लाख से अधिक कैश इन हैंड वाले प्रत्याशियों की संख्या करीब 23 है। 10 लाख से अधिक कैश इन हैंड वाले 3 कैंडीडेट हैं। जिसमें वार्ड 30 से कांग्रेस प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह शैली 12.75 लाख रुपए, वार्ड 55 से बीजेपी प्रत्याशी रेनू अरोड़ा 13 लाख और वार्ड 30 से शिअद प्रत्याशी अवतार सिंह 10.38 लाख रुपए शो किया है। बैंकों में लोन व अन्य तरह की देनदारी वाले प्रत्याशियों की संख्या 24 है। वहीं इनमें भी 49 लाख से 4.50 करोड़ तक लोन वाले आंकड़ों पर गौर करें तो इनमें 4 प्रत्याशी हैं। इनमें वार्ड 84 से रशपाल सिंह कांग्रेस प्रत्याशी 4.31 करोड़ तो वार्ड 52 से कांग्रेस प्रत्याशी विकास सोनी 1.74 करोड़ , वार्ड 84 से नताशा गिल 1.01 करोड़ रुपए की देनदारी है। इसके अलावा वार्ड-4 से विजय कांग्रेस प्रत्याशी 49.31 लाख और वार्ड 11 से आप प्रत्याशी प्रियंका शर्मा की 48 लाख रुपए देनदारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *