गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के कोयनारटोली गांव में एक नर और एक मादा भालू कुएं में गिर गए। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। आदर रेंज के फॉरेस्टर शेखर सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले मोटर लगाकर कुएं का पानी खाली किया। लंबे समय तक कुएं में रहने के कारण दोनों भालू काफी थके हुए थे। भालुओं को कुएं में ही खाना दिया गया फॉरेस्टर शेखर सिंह ने बताया कि गांव जंगल से सटा होने के कारण भालू यहां आ गए और अंधेरे में कुएं में गिर गए। भालुओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें कुएं में ही खाना दिया गया। जब उनकी स्थिति सामान्य हुई, तब शाम को उन्हें बाहर निकाला गया। महुआ के मौसम को देखते हुए दिन में रेस्क्यू करना उचित नहीं था, क्योंकि गांव के लोग महुआ चुनने के लिए इधर-उधर थे। रात को सभी को सूचित करने के बाद ही भालुओं को कुएं से निकालकर सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया।


