रांची| रायपुर में खेले जा रहे बीसीसीआई अंडर-23 स्टेट ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को झारखंड की टीम ने कर्नाटक को 20 रनों से हरा िदया। झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 230 रन बनाए। राजनदीप ने 54, कुनैन कुरैशी ने नाबाद 82 रन, शिखर मोहन ने 18, रॉबिन मिंज 18 एवं सत्य सेतु ने 17 रन बनाए। कर्नाटक की ओर से मनवथ ने चार और यशोवर्धन ने तीन विकेट लिए। जवाब में कर्नाटक की पूरी टीम 210 रन बना सकी। कार्तिकेय ने 58 एवं यशोवर्धन ने 24 रनों का योगदान दिया। झारखंड की ओर से साहिल राज ने 4, हर्ष राज ने दो, कुनैन कुरैशी ने एक विकेट लिए। हरियाणा ने मणिपुर को 10 विकेट से हराया : बीसीसीआई अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी क्रिकेट में गुरुवार को हरियाणा ने मणिपुर को दस विकेट से हराया। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, केरल एवं दिल्ली ने भी जीत दर्ज की। मेकन ग्राउंड में खेले गए मैच में मणिपुर ने पहले खेलते हुए 20.2 ओवर में मात्र 58 रन बनाए। जवाब में हरियाणा ने 6 ओवर में बिना कोई विकेट खोए बना लिए। जेएससीए स्टेडियम में खेले गए एक अन्य मैच में दिल्ली ने सौराष्ट्र को पांच विकेट से हराया। सौराष्ट्र ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 293 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने आयुष दोसेजा एवं मयंक के शतकों की बदौलत मैच जीत लिया। आयुष ने 115 एवं मयंक ने 117 रन बनाए। ओवल मैदान में खेले गए मैच में केरल ने उत्तराखंड को 80 रनों से हराया। केरल ने पहले खेलते हुए 49.4 ओवर में 309 रन बनाए। जवाब में उत्तराखंड की टीम 43.2 ओवर में 229 रन ही बना सकी। वहीं, उषा मार्टिन मैदान में आंध्र प्रदेश ने नागालैंड को सात विकेट से हराया। नागालैंड ने पहले खेलते हुए 46.2 ओर में 159 रन बनाए । जवाब में आंध्र प्रदेश ने 32.1 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाकर मैच जीत लिया।


