राजनांदगांव में श्रीमद् देवी भागवत कथा का आगाज:701 महिलाओं ने धारण किया कलश, सांसद समेत कई जनप्रतिनिधि हुए शामिल

राजनांदगांव में महेश्वरी समाज ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली। यह आयोजन गुप्तेश्वर महादेव की 60वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया गया। शनिवार शाम को गायत्री मंदिर प्रांगण से निकली शोभायात्रा में 701 महिलाएं पीले और नारंगी रंग के परिधान में कलश लेकर चलीं। पुरुषों ने सफेद कुर्ता पजामा पहना था। ढोल, मंजीरे और बैंड की धुन पर निकली यात्रा में कथावाचक शास्त्री ईश्वर चंद जी व्यास रथ पर विराजमान थे। शोभायात्रा में मां नवदुर्गा की प्रतिमा और आकर्षक झांकियां सजाई गईं। यात्रा का मार्ग गायत्री शक्तिपीठ से शुरू होकर रामाधीन मार्ग, महेश पथ, भारत माता चौक, हलवाई लाइन, आजाद चौक होते हुए विभिन्न प्रमुख स्थानों से गुजरा। महाकाल चौक पर सांसद संतोष पांडे ने शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन 30 मार्च से 5 अप्रैल तक चलेगा। जूनागढ़, गुजरात से आए शास्त्री ईश्वर चंद्र जी व्यास प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक कथा का वाचन करेंगे। पूरे मार्ग पर धर्मप्रेमी महिलाओं ने पुष्प वर्षा की और जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। आयोजन की जानकारी बता दें कि श्रीमद् देवी भागवत की सस्वर कथा सुनाई जाएगी। आयोजन समिति माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष पवन डागा के मुताबिक, कथा के पहले दिन 30 मार्च को व्यास चरित्र, 31 मार्च को सुखदेव चरित्र, 1 अप्रैल को देवी प्राकट्य महालक्ष्मी कुमारी पूजन, 2 अप्रैल को देवी चरित्र वर्णन, 3 अप्रैल को महाकाली, चामुंडा, चंडी आदि देवियों की प्राकट्य कथा, 4 अप्रैल को माता का अन्नकूट एवं 56 भोग, 5 अप्रैल को पंच प्रकृति की कथा होगी। 7 अप्रैल को होगा माता का विसर्जन 6 अप्रैल को सुबह 11 बजे गायत्री शक्तिपीठ प्रांगण में पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी होगी तथा 7 अप्रैल को सुबह 10 बजे माता का विसर्जन होगा। आयोजन समिति ने श्रीमद् देवी भागवत की कथा में सभी समाज के धर्म प्रेमी माताओं, बहनों एवं भाइयों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *