जयपुर में आदर्श नगर विधायक रफीक खान और रोडवेज के मुख्य प्रबंधक (चीफ मैनेजर) राकेश राय के बीच बहस हो गई। विवाद ट्रांसपोर्ट नगर स्थित रोडवेज की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर था। विवाद के दौरान रोडवेज प्रबंधक ने विधायक से कहा- सरकारी रास्ता है, उसे खाली करवाइए। इस पर विधायक रफीक खान ने कहा- तमीज से बात करो। आवाज नीचे रखकर बात करो। दरअसल, नारायण सिंह सर्किल स्थित बस स्टैंड को ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट किया जा रहा है। 1 अप्रैल से दिल्ली की ओर जाने वाली बसें ट्रांसपोर्ट नगर से ही चलेंगी। रोडवेज मुख्यालय के निर्देश पर मुख्य प्रबंधक सीबीएस द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित रोडवेज के पुराने बस स्टैंड की जमीन की सुरक्षा के लिए चारदीवारी निर्माण का काम शुरू किया गया था। रोडवेज की इस जमीन से आसपास की कॉलोनी वालों ने रास्ता निकाल रखा था। शनिवार को इसे निगम की ओर से बंद करवाया जा रहा था। इसे लेकर कॉलोनी वालों ने विधायक रफीक खान से शिकायत की थी। इस पर विधायक मौके पर पहुंचे तो उनकी रोडवेज के चीफ मैनेजर से बहस हो गई। कर्मचारियों ने जताया विरोध
इस घटना को लेकर भारतीय मजदूर संघ से जुड़े राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त कर्मचारी फेडरेशन और सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ ने कड़ी आपत्ति जताई है। फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण शर्मा ने बताया- रोडवेज की जमीन पर अतिक्रमणकारियों ने दीवार तोड़कर रास्ता निकाल लिया था। शर्मा ने कहा- जब निगम ने दोबारा दीवार खड़ी करवाई तो विधायक ने अधिकारियों पर दबाव बनाया। 1 अप्रैल 2025 से ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड से बस सेवा शुरू करने की योजना है, लेकिन इस तरह की दबंगई से निर्माण कार्य में रुकावट पैदा की जा रही है। रोडवेज कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
रोडवेज कर्मचारियों ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- अगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश जारी रही तो वे आंदोलन करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि विधायक अतिक्रमणकारियों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि निगम अपनी जमीन की सुरक्षा कर रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में सरकार हस्तक्षेप करे और समाधान निकाले।


