दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में हुई निगरानी बदमाश अवतार मरकाम की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। इसमें जिले के चर्चित गैंगेस्टर तपन सरकार के भांजे सोना उर्फ आकाश मजूमदार को भी गिरफ्तार किया गया। एएसपी सुखनंदन राठौर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 28 मार्च की रात दुर्ग बाईपास रोड स्थित इंदर ढाबा में पार्टी के दौरान मोहन नगर थाने के निगरानी बदमाश औतार मरकाम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जब इस मामले की जांच की तो परिजनों ने बताया कि सोना उर्फ आकाश मजूमदार ने अवतार मरकाम को फोन किया था और दुर्ग बाईपास रोड स्थित इंदर ढाबा बुलाया था। वहां सोना ने अपने साथी दीपक ठाकुर, मुकेश चौहान उर्फ चीरा, मशान, होरीलाल पटेल उर्फ बाती के साथ मिलकर अवतार मरकाम को मौत के घाट उतार दिया। उन लोगों ने उसके गाल, कान, सीने में धारदार चाकू से हमला किया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव में हत्या का मामला दर्ज किया गया। 24 घंटे के भीतर आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस की गठित विशेष टीम वारदात के चश्मदीद गवाह विकास सिंह परमार से पूछताछ की। उसके बताए अनुसार पुलिस ने आकाश मजूमदार उर्फ सोना को आदित्य नगर दुर्ग हिरासत में लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर सिरसा गनियारी क्षेत्र से मुकेश चौहान उर्फ चीरा, अमन साहू उर्फ मशान और होरीलाल पटेल उर्फ बाती को हिरासत में लिया गया। आरोपियों ने जुर्म कबूल लिया पकड़े गये सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया। उन्होंने बताया कि पूर्व में अवतार और मुकेश के साथ मारपीट हुई थी। दीपक ठाकुर का अवतार के भाई के साथ विवाद होने पर अवतार ने दीपक का पैर तोड़ दिया था। इसके बाद होरीलाल का दीपक के साथ दोस्ती होने पर अवतार ने फिर होली में होरीलाल के साथ मारपीट किया। इन सभी बातों से अवतार से नाराज होकर पुरानी रंजिश रखते हुये उन सभी ने अवतार की हत्या की प्लानिंग की। उन्होंने कहा, अवतार को शराब पार्टी के लिए बुलाते हैं और वहीं उसकी हत्या कर देंगे। योजना के तहत 29 मार्च 2025 को दीपक ठाकुर ने सोना से अवतार को बुलाने के लिए कहा, क्योंकि सोना और अवतार की दोस्ती थी। सोना ने अवतार को इंदर ढाबा में बियर पीने के लिए बुलाया। जैसे ही अवतार वहां पहुंचा दीपक ठाकुर की गाडी के पास छिपकर खड़े मुकेश उर्फ चिरा, होरीलाल उर्फ बाती और अमन साहू उर्फ मसान ने अवतार के कान गला, और सीने में ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल अवतार की बहन ने आरोप लगाया है कि उसे पहले से जान से मारने की धमकी मिल रही थी। इसको लेकर अवतार ने मोहन नगर थाने में होली के समय आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने उसे थाने से भगा दिया। यदि पुलिस उसकी सुनती तो आज वो जिंदा होता। इस बारे में एएसपी सुखनंदन राठौर का कहना है कि वो इसकी जांच करेंगे, फिलहाल ऐसी कोई जानकारी पुलिस के पास नहीं है। इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार ये आरोपी अभी भी फरार हत्या के मामले में दीपक ठाकुर पिता केवल ठाकुर (27 साल) निवासी सिकोला भाठा दुर्ग, थाना मोहन नगर फरार है। पुलिस को इसकी तलाश है। इसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 15 मामले दर्ज हैं। इसमें एक प्रकरण हत्या का प्रयास, 10 मामले मारपीट, 2 आर्म्स एक्ट, 1 जुआ एक्ट और एक मामला शासकीय कार्य में बाधा का दर्ज है।


