सूरजपुर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत:परिजनों का आरोप- बांधकर की पिटाई, शरीर पर चोट के निशान; पुलिस ने शुरू की जांच

सूरजपुर के नशा मुक्ति केंद्र में एक 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की पत्नी ने उसे शराब की लत से छुटकारा दिलाने के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती किया था। मृतक के परिजनों ने केंद्र पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि उसे बांधकर पीटा गया, जिससे उसकी मौत हुई। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच करने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना बाजार पारा मंडी रोड का है। मिली जानकारी के अनुसार, तेजपुर पोड़ी निवासी विजय देवांगन (36) अत्यधिक शराब पीने का आदी था। उसकी पत्नी ने 26 मार्च 2025 को उसे नशा छुड़ाने के उद्देश्य से सूरजपुर के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। परिजनों का मानना था कि नशा मुक्ति केंद्र विजय की लत छुड़ाने में मदद करेगा, लेकिन महज दो दिन बाद, 28 मार्च की रात, उन्हें नशा मुक्ति केंद्र से फोन आया कि विजय की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जब परिजन वहां पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि विजय की मौत हो चुकी है। मृतक के चाचा ससुर ने आरोप लगाया कि नशा मुक्ति केंद्र में विजय को बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने दावा किया कि विजय के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे यह साफ होता है कि उसके साथ मारपीट की गई थी। परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए नशा मुक्ति केंद्र के संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीएम रिपोर्ट बाद होगी आगे की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *