तारीख पर तारीख:12 महीने में बननी थी कोलार सिक्सलेन, 25 में भी पूरी नहीं; नतीजा… 68 करोड़ बजट बढ़ा

कोलार गेस्ट हाउस से गोल जोड़ तक करीब 15 किलोमीटर सिक्सलेन प्रोजेक्ट का काम बढ़ी हुई डेडलाइन से दो महीने पीछे चल रहा है। यह काम अक्टूबर 2024 तक पूरा होना था, लेकिन अभी भी कई छुटपुट काम बाकी हैं। ऐसे में अभी एक से डेढ़ महीना अभी और लगना है। समय सीमा में काम पूरा नहीं होने की वजह से प्रोजेक्ट की लागत में भी इजाफा हुआ है। यह 182 करोड़ रुपए थी, जो 68 करोड़ बढ़कर 250 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि रोड का काम पूरा हो चुका है। सिर्फ सर्वधर्म स्थित पुल के पुराने हिस्से में एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने और सड़क के इस हिस्से में डामर होना बाकी है। ऐसे में दावा यह किया जा रहा है कि सड़क को इसी महीने पूरी तरह शुरू करके कोलार के लोगों को नए साल का तोहफा दिया जाएगा। ब्रिज का काम भी डेढ़ महीने पीछे… मौजूदा सर्वधर्म ब्रिज के पास नया ब्रिज बनाया गया। मौजूदा ब्रिज के 4 एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने हैं। 2 बदल गए हैं, 2 के लिए काम जारी है। ये काम नवंबर में शुरू हुआ। 1 महीने में पूरा होना था। लेकिन, एंगल बनने में समय अधिक लगने से काम लेट हुआ। दिसंबर में पूरा हो जाएगा। दो दिन में सड़क पर डामर कर इसे खोल देंगे। सिर्फ सेंट्रल वर्ज ही बचेगा… इस पूरे प्रोजेक्ट में जो काम बच रहा है वह है सेंट्रल वर्ज में पौधारोपण और उसका ब्यूटीफिकेशन। इसका जिम्मा नगर निगम को दिया है। इसके ​लिए एजेंसी तय करने निगम ने टेंडर जारी किया है इसकी टेक्निकल बिड तो खुल गई है, इसी हफ्ते फाइनेंशियल बिड खोलकर एजेंसी का निर्धारण किया जाएगा। ऐसे में उम्मीद यही है कि जनवरी में इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। जानिए… अभी किस काम की क्या स्थिति
काम: सीसी सड़क
स्थिति: सीसी सड़क करीब 30 किमी में 100% बन गई है। काम: फुटपाथ का निर्माण
स्थिति: 1 किमी कजलीखेड़ा क्षेत्र में ही बनाना बाकी बचा है। काम: 26 किमी डक्ट निर्माण
स्थिति: कहीं 2 तो कहीं 4 मीटर ऐसे टुकड़ों में 400 मीटर बनाना बचा है। काम: डक्ट में चैंबर निर्माण
स्थिति : पूरे प्रोजेक्ट में करीब 600 चैंबर बनाने हैं। 100 अभी बाकी बचे हैं। काम: लेन मार्किंग
स्थिति: 20 किमी में लेन मार्किंग हो गई है। 10 किमी बची है। काम: ज्वाइंट​ फिलिंग
स्थिति: 30 में से करीब 24 किमी में हो गई 6 किमी बीच है। काम: स्ट्रीट लाइट
स्थिति: 1200 स्ट्रीट लाइट लगेंगी, 1100 से ज्यादा लग गई हैं। सिक्सलेन प्रोजेक्ट में सड़क 100 प्रतिशत बन गई है। बाकी कामों में दो-पांच प्रतिशत काम ही बचे हैं। दिसंबर में इनको पूरा करके सड़क शुरू कर देंगे। जो कोलार की जनता के लिए नए साल की सौगात होगी। -दीपक भंडारी, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *