बाबा साहेब आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार शाम जिस वक्त कांग्रेस दफ्तर पर ऑइल फेंका, तब कार्यालय में 5 कार्यकर्ता बैठे थे। इस बीच पुलिस का फोन आया कि तुरंत कार्यालय के गेट बंद करें। कांग्रेस कार्यकर्ता पूछते कि क्यों और आखिर क्या कारण है? पुलिस ने कहा पहले गेट बंद करें और मामले की जानकारी दी। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय से शहर अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा को फोन किया। वे तुरंत कार्यालय पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे नगर निगम की मीटिंग छोड़ गांधी भवन पहुंचे। सारे पार्षद, नेता-पदाधिकारी भी पहुंचे। कांग्रेस नेता देवेंद्रसिंह यादव, विवेक खंडेलवाल इस दौरान आंबेडकर का फोटो लेकर खड़े हो गए। इसके बाद भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने कहा भाजपा नेता सत्ता के मद में निरंकुश हो चुके हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा ने कहा भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने खुलेआम गुंडागर्दी की। भाजपा के लोग सत्ता के नशे में चूर हो चुके हैं, लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। साढ़े 3 घंटे थाने पर धरना, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर देर शाम कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता पंढरीनाथ थाने पहुंचे। रात 11 तक धरना जारी रहा, तब पुलिस ने गिरीश जोशी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। धरने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, पूर्व विधायक अश्विन जोशी, अमन बजाज, गिरधर नागर, मुकेश यादव, सोनाली मिमरोट आदि मौजूद थे।


