भास्कर न्यूज | जामताड़ा हिंदू नववर्ष पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत हनुमान मंदिर से हुई। यह नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई चंचला मंदिर परिसर में संपन्न हुई। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कार्यकर्ता और नगरवासी शामिल हुए। यात्रा के दौरान जय श्रीराम और जय हनुमान के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। नगर के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह भजन-कीर्तन हुए। शोभा यात्रा में ध्वज-पताकाएं लहराते कार्यकर्ता, सजीव झांकियां, भक्ति संगीत, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवा व बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा के समापन पर चंचला मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम हुआ। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अनूप राय ने कहा कि हिंदू नव वर्ष भारतीय संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। हमें अपनी प्राचीन विरासत से जुड़कर समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना फैलानी चाहिए।


