चान्हो-बुढ़मू के जंगलों से काटे जा रहे सखुआ के पेड़:एक माह में छह माफिया ने काट डाले 300 सखुआ पेड़, थाना को भनक नहीं

रांची के चान्हो व बुढ़मू में लकड़ी माफिया सखुआ के पेड़ काट कर गायब कर रहे हैं। पिछले एक महीने में काफी संख्या में पेड़ काट कर गायब कर दिए गए। इस बात की भनक अबतक ना चान्हो थाना प्रभारी को लगी और ना ही बुढ़मू थाना प्रभारी को। लेकिन विशेष शाखा के एसपी ने सखुआ के पेड़ अवैध रूप से काट कर बाहर भेजे जाने की पूरी जानकारी एसएसपी रांची को भेजी है। विशेष शाखा की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि चान्हो थाना क्षेत्र की पतरातू पंचायत, पंडरी एवं चामा पंचायत के घने जंगलों से सखुआ के पेड़ काट कर गायब किए जा रहे हैं। वहीं बुढ़मू थाना क्षेत्र में कनाडी, सीरम, चलनिया, मक्का, पिरागुटु, कोटारी, उसकू, दादगो के जंगलों से सखुआ के पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है। विशेष शाखा की ओर से एसएसपी को दी गई रिपोर्ट में इन क्षेत्रों में जांच कर कार्रवाई करने व सतर्कता बरतने की बात कही गई है।
अवैध रूप से सखुआ पेड़ काटने में इन क्षेत्रों के लोगों का दिया नाम
विशेष शाखा की ओर से जो रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई है, उसमें बताया गया है कि बुढ़मू के चकमे का रहने वाला बबलू खान, ईचापीरी का रिजिक खान और सल्लू खान, चकमे का छोटे खान, मक्का का रहने वाला तेजू मियां और मजलूम अंसारी द्वारा सखुआ के पेड़ अवैध तरीके से काट कर बेचने की सूचना है, इसलिए इन पर कार्रवाई की जाए। एसएसपी को भेजी रिपोर्ट में विशेष शाखा की ओर से बताया गया है कि चान्हो थाना क्षेत्र के जंगलों से सखुआ पेड़ रात में काटे जा रहे हैं। इसके बाद उसे पिकअप वाहन से मांडर होते हुए रांची की ओर भेजा जा रहा है। शहर में इन सखुआ की लड़कियों को खपाया जा रहा है। शहर में सखुआ लकड़ी की मांग दरवाजा व खिड़की के लिए ज्यादा है, इसलिए इनकी अवैध तरीके से इन जंगलों से कटाई की जा रही है। एक पेड़ 25 से 30 हजार में बिकता है एक सखुआ का पेड़ अवैध रूप से काट कर 25 से 30 हजार रुपए में बेचा जा रहा है। टिंबर से एक नंबर का सखुआ खरीदने पर काफी महंगा पड़ता है। इसलिए चोरी से काट कर बेचे जाने वाला सखुआ लकड़ी की डिमांड काफी अधिक है। जानकारी नहीं है लकड़ी काटे जाने की, केस दर्ज हुआ तो जांच करेंगे
मेरे क्षेत्र में जंगल से सखुआ के पेड़ काटे जाने की कोई जानकारी नहीं है। अगर कोई थाने को जानकारी देता है तो जांच कराई जाएगी। फिलहाल किसी ने प्राथमिकी दर्ज के लिए आवेदन नहीं दिया है। – रितेश कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी, बुढ़मू कोई एफआईआर दर्ज कराने आता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी
• थाने में अवैध रूप से सखुआ पेड़ काटे जाने की प्राथमिकी दर्ज कराने कोई नहीं आया है। अगर कोई केस दर्ज कराने आता है तो मामला दर्ज कर इस दिशा में कार्रवाई की जाएगी। -चंदन गुप्ता, थाना प्रभारी, चान्हो

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *