जालंधर| विधानसभा क्षेत्र गढ़शंकर के गांवों में ‘सीचेवाल मॉडल’ के तहत गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी। यह जानकारी रविवार को जालंधर में पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर व गढ़शंकर से विधायक जय कृष्ण रोड़ी ने दी। रविवार को उन्होंने राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल से निर्मल कुटिया सीचेवाल में मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने निर्मल कुटिया में माथा टेका। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि गढ़शंकर क्षेत्र के 178 गांवों की पंचायतों को सीचेवाल और सुल्तौनपुर लोधी लाया जाएगा, ताकि वे ‘सीचेवाल मॉडल’ का अध्ययन कर सकें। नेता प्रतिपक्ष बाजवा द्वारा संत सीचेवाल को लेकर की गई टिप्पणी पर तंज कसते हुए रोड़ी ने इसे पंजाब का बेहतरीन मॉडल बताते हुए कहा कि जिस मॉडल को देश की राष्ट्रीय नदी गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए अपनाने की सिफारिश की गई हो, वह मॉडल भला कैसे असफल हो सकता है? उन्होंने बाजवा की टिप्पणी को की कड़ी निंदा की।डिप्टी स्पीकर ने कहा कि सीचेवाल मॉडल के तहत शोधित पानी का उपयोग खेती के लिए किया जाता है, जिससे भूजल का संरक्षण संभव हो पाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पहल पंजाब के जल-संकट और प्रदूषण की समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। संत सीचेवाल से मुलाकात करते विधायक।


