ओबीसी जनगणना न होने के विरोध में राज्यभर में नौ को करेंगे प्रदर्शन

जालंधर| भारत मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वामन मेश्राम ने रविवार को जालंधर में प्रेस क्लब में नौ अप्रैल को पंजाब के 23 जिलों में ओबीसी जनगणना न कराए जाने के विरोध में धरना और जेल भरो आंदोलन का एलान किया है। उन्होंने कहा िक यह आंदोलन ‘मूलनिवासी बहुजन समाज जोड़ो यात्रा’ का हिस्सा है, जो देश के 567 जिलों में निकाली जा रही है। इसका पहला चरण नौ अप्रैल को जेल भरो आंदोलन के साथ खत्म होगा। उन्होंने बीते 26 जनवरी को अमृतसर में युवक द्वारा तोड़ी गई बाबा साहेब की प्रतिमा में एजेंसी की साजिश होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पशुओं की गिनती तो करती है, लेकिन ओबीसी की जातिगत जनगणना नहीं करती। पंजाब की सरकार नशा करने वालों की गिनती कर सकती है, लेकिन जाति के आधार पर गिनती नहीं कर रही। इससे अनुसूचित जातियों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा। इस दौरान बीएमपी अध्यक्ष एस. कुलदीप सिंह ईसापुरी, दलविंदर सिंह, मुकंद सिंह, स्वामी राजपाल, दलजीत सिंह, डॉ. सुरजीत लाल सहोता आदि मौजूद रहे। प्रेस क्लब में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते वामन मेश्राम।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *