सीकेडी का 181 करोड़ का बजट पास, आमदनी 18%, खर्च 24% बढ़ा

भास्कर न्यूज | अमृतसर चीफ खालसा दीवान के गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में जनरल हाउस की बैठक रविवार को हुई। इसमें साल 2025-26 के लिए बजट पेश किया गया। बैठक की अध्यक्षता दीवान के प्रधान डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने की। उन्होंने बताया कि इस बार का अनुमानित बजट 181 करोड़ 5 लाख रुपए रखा गया है। पिछली बार की तुलना में आमदनी में 18% और खर्च में 24% बढ़ौतरी का अनुमान है। उन्होंने कहा कि खर्च में यह बढ़ौतरी विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत है। फाइनेंस कमेटी के सदस्य अजीतपाल सिंह अनेजा ने बजट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अटारी स्कूल की नई इमारत के लिए 6 करोड़ 50 लाख, बटाला स्कूल के लिए 5 करोड़, बलाचौर में दान में मिली जमीन पर निर्माण के लिए 1 करोड़ 50 लाख, सुरसिंह में जमीन खरीद के लिए 1 करोड़ 50 लाख और आंसल उतार में जमीन खरीद के लिए 1 करोड़ रुपए रखे गए हैं। सीकेडी स्कूलों के विस्तार के लिए 18 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। जबकि धर्म प्रचार के लिए 99 लाख और आदर्श स्कूलों के लिए 1 करोड़ 15 लाख रुपए खर्च करने की योजना है। मीटिंग में सीकेडी इंटरनेशनल नर्सिंग कॉलेज की सीटें बढ़ाने के लिए यूनिवर्सिटी की शर्तों को पूरा करने को डॉ. हरमोहिंदर सिंह नागपाल को दीवान का सदस्य बनाने की मंजूरी ली गई। जनरल कमेटी के सदस्यों ने फिल्लौर के माओ साहिब और गुरदासपुर के तुगलवाला में 14 एकड़ जमीन पर नया स्कूल खोलने की सहमति दी। इस मौके पर उपप्रधान जगजीत सिंह और एडिशनल ऑनरेरी सेक्रेटरी सुखजिंदर सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्यसभा में दिए बयान की निंदा करते हुए प्रस्ताव रखा। जिसमें कहा गया कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ को लेकर अमित शाह द्वारा दिया बयान सिखों की भावनाएं भड़काने वाला है। इस मौके पर संतोष सिंह सेठी, जगजीत सिंह, कुलजीत सिंह साहनी, सविंदर सिंह कत्थूनंगल, रमनीक सिंह, जसपाल सिंह ढिल्लों, इंजीनियर जसपाल सिंह सहित करीब 130 सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *