प्रदेश के सबसे बड़े ट्रांसपोर्ट नगर में 50 लाख रुपए से बनेगा निजी होटलों की तरह सुविधायुक्त डोरमेट्री और चार्जिंग स्टेशन

सिटी रिपोर्टर| भिलाई हथखोज में 54.75 करोड़ की लागत से बन रहे ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। दूसरे फेज में निजी होटलों की तरह सर्वसुविधायुक्त डोरमेट्री और चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। जिसकी लागत करीब 50 लाख होगी। ट्रांसपोर्ट नगर को दो फेज में बनाया जा रहा है। करीब ढाई लाख वर्गफुट में बन रहे ट्रांसपोर्ट नगर में एक साथ करीब 5 हजार भारी वाहनों के पार्किंग के साथ-साथ चालकों-परिचालकों के आराम करने के लिए 50 बेड का रैन बसेरा का निर्माण किया गया है। यहां बुनियादी सुविधाओं के अलावा दैनिक उपभोग के साथ-साथ वाहनों से जुड़े स्पेयर पार्ट्स की दुकानों के लिए दो मंजिला शापिंग कॉम्प्लेक्स भी बनाया गया है। इसके लिए भिलाई 3 चरोदा निगम के बजट में 50 लाख का प्रावधान किया गया है। यहां इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग के लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा। जिससे बाहर से आने वाले वाहनों को इसके लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। इसके अलावा परिसर को ईको फ्रैंडली बनाने के लिए पौधरोपण करने के अलावा सोलर एनर्जी की भी व्यवस्था की जाएगी। जिससे बिजली कंपनी पर निर्भरता कम से कम रहे। साथ ही भिलाई 3 निगम प्रशासन को परंपरागत बिजली के भारी-भरकम बिल से राहत मिल सके। भिलाई 3 चरोदा निगम के आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने बताया कि डोरमेट्री आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। पहले फेज का निर्माण पूरा होने के बाद मई में ट्रांसपोर्टर्स के लिए पूरा कर खोल दिया जाएगा। यह राजधानी रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ समेत प्रदेश के किसी भी शहर में बने ट्रांसपोर्ट नगर से सबसे अधिक पार्किंग क्षमता वाला ट्रांसपोर्ट नगर होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *