छोटा गोविंदपुर में अमलतास सिटी के पास स्थित भूमिहार मेंशन में मुठभेड़ में ढेर मुख्तार अंसारी गिरोह के शार्प शूटर अनुज कनौजिया की तलाश न केवल यूपी एटीएस कर रही थी बल्कि खुद मुख्तार अंसारी के गुर्गे भी उसकी तलाश में लगे हुए थे। इस बात का खुलासा पुलिस की पड़ताल में हुआ है। वहीं आई जानकारी के अनुसार वह जिस भूमिहार मेंशन में रह रहा था वहां उसके ऊपर 22 सीसीटीवी की निगरानी थी। एनकाउंटर के बाद हुए पोस्टमॉर्टम के बाद मिली जानकारी के अनुसार शार्प शूटर अनुज कनौजिया को एसटीएफ ने 6 गोलियां मारी थीं। शनिवार की रात पुलिस की घेराबंदी को देखकर अंदर से ही गोलियां चलानी शुरू कर दी थी। उसने दो बम भी फेंके थे। घटना स्थल से पुलिस ने 26 खोखा बरामद किया है। बम और दूसरे हथियार भी हुए हैं बरामद घटनास्थल से बमों के अलावा, 9 एमएम की ब्राउनिंग सर्विस एक पिस्टल और 32 बोर की एक पिस्टल भी मिली है। इस दौरान दो बम को पुलिस ने डिफ्यूज किया। सभी बिंदू पर जांच के बाद पुलिस ने भूमिहार मेंशन को सील कर दिया है। जब्त सीसीटीवी कैमरा को खंगालने पर बहुत सुराग हाथ लगेंगे। इधर, अनुज की बहन परसुडीह के बारीगोड़ा निवासी शोभा देवी भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची थी। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को उसके पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के मऊ जिला स्थित बहलोलपुर ले गए। वहीं उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अनुज की पत्नी पर थी गुर्गों की नजर अनुज कनौजिया मुख्तार अंसारी के गुर्गे भी खोज रहे थे। अंसारी गैंग के लोग उसको मारना चाह रहे थे। मुख्तार के गुर्गों की नजर अनुज की पत्नी पर थी। अनुज कनौजिया की पत्नी रीना काफी खूबसूरत है। अनुज की पत्नी रीना भी पति को बचाने में काफी सावधानी बरतती थी। मुख्तार के कुछ गुर्गों की नजर रीना पर थी और वह अनुज को रास्ते से हटाने की कोशिश में थे। बताया जाता है कि रीना सिर्फ देखने में खूबसूरत नहीं है, बल्कि दिमाग से भी काफी तेज है। वो अनुज के क्राइम में मदद करती थी। फरारी के दौरान अनुज को मोबाइल फोन, सिम और दूसरा सामान वही पहुंचाती थी। पुलिस ने बहुत कोशिश की कि वो रीना के जरिए अनुज तक पहुंच जाए लेकिन रीना इतनी होशियार है कि पुलिस को अपने पति अनुज की भनक तक नहीं होने दी। एनकाउंटर मामले में गोविंदपुर थाने में यूपी एसटीएफ के इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। जिसमें बताया गया है कि अपराधी के गोविंदपुर के अमलतास सिटी में छिपे होने की सूचना मिली। अनुज की बहन ने बताया: 6-7 माह पहले मेरे घर से चला गया था अनुज की बहन शोभा देवी ने बताया िक उसकी शादी परसुडीह के बारीगोड़ा निवासी शिवरतन रजक से हुई है। अनुज पुलिस से बचने के लिए अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कई दिनों तक अपने बहन के घर में पनाह ले रखा था। करीब 2 साल तक वह अपनी बहन के घर छिप कर रह रहा था। 2023 में यूपी पुलिस ने अनुज और उसके जीजा शिवरतन रजक को यहां से गिरफ्तार किया। जेल से छूटने के बाद वह फिर अपने बहन के घर रहने आया था। इसी बीच बहन ने उसे छिपने के लिए दूसरी जगह ढूंढने की बात कही। इसको लेकर अनुज और उसकी बहन के बीच विवाद हो गया। 6-7 माह पहले अनुज अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर गांव चला गया था। लेकिन वह फिर से शहर में ही रह रहा था इसकी जानकारी नहीं थी।


