मोहाली में युवक को घोंपा चाकू, 2 गिरफ्तार:रीढ़ की हड्डी में फंसी, ऑपरेशन के बाद निकली; काम से लौटते समय किया था हमला

मोहाली जिले के बलटाना में युवक पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक की पीठ में चाकू घोंप दिया, जो रीढ़ की हड्डी में फंस गया। घायल युवक को चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना बीते शनिवार की है। बलटाना चौकी इंचार्ज सतनाम सिंह ने बताया कि पीड़ित 23 वर्षीय चंदन बलटाना के रविंद्र एन्क्लेव में रहता है और पैकिंग का काम करता है। रात को वह काम खत्म कर घर जा रहा था, तभी रास्ते में शराब के ठेके के पास कुछ लोग आपस में झगड़ रहे थे और ऊपर से सामान फेंक रहे थे। चंदन ने उन्हें रोका और कहा कि इससे किसी को चोट लग सकती है। इस पर गुस्साए युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसकी रीढ़ की हड्डी में फंस गया। मौका देख भागे आरोपी पीड़ित चंदन की रीढ़ की हड्डी में जब चाकू फंस गया, तो हमलावर मौका देखकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और झगड़े के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच में पुलिस को हमलावरों के खिलाफ कुछ अहम सबूत मिले, जिसके आधार पर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान रामदरबार निवासी ऋषि और बलटाना के सैनी विहार फेज-3 निवासी बलेशन के रूप में हुई है। चाकू के साथ ही पीजीआई रेफर घायल चंदन के भाई गुड्डू ने बताया कि चंदन को पहले चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां चाकू रीढ़ की हड्डी में फंसा हुआ था। उसे अस्पताल में इधर-उधर ले जाया जाता रहा, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में डॉक्टरों ने चेक करने के बाद कहा कि सर्जरी कर चाकू को निकालना पड़ेगा। आखिरकार, डॉक्टरों ने सर्जरी कर चाकू निकाल दिया। अब उसके भाई की हालत खतरे से बाहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *