समिति प्रबंधकों के अल्टीमेटम के बाद धान के उठाव में तेजी आई है। धान ज्यादा जाम वाले करीब 4 केन्द्रों में गुरुवार को खरीदी नहीं हो सकी। वहीं बंद का अल्टीमेटम देने के बाद भी जिले के शेष 92 खरीदी केन्द्रों में खरीदी जारी रही। राइस मिलर्स की हड़ताल खत्म होने के बाद प्रशासन धान का उठाव करने दबाव बना रहा है। अब रोज 1 लाख क्विंटल धान का उठाव करने लक्ष्य तय किया गया है, जिससे धान खरीदी बंद नहीं होने से किसानों को राहत मिलेगी। जिले के सभी 96 खरीदी केन्द्रों में बफर लिमिट से 4 गुना ज्यादा धान जाम है। इसका उठाव नहीं होने के कारण विगत दिनों समिति प्रबंधकों ने 19 दिसंबर को खरीदी बंद रखने का अल्टीमेटम दिया था। प्रशासन ने समिति प्रबंधकों एवं राइस मिलर्स की बैठक लेकर खरीदी में तेजी लाने की प्लानिंग की है। ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से संग्रहण केन्द्रों तक धान पहुंचाने टीओ जारी किया गया है। उनके माध्यम से रोज 50 हजार क्विंटल धान का उठाव किया जाएगा। वहीं राइस मिलर्स से धान का उठाव कराने करीब 8 लाख क्विंटल धान को डीओ जारी किया गया है। दोनों माध्यम से धान का उठाव करने इसमें तेजी आने की संभावना है। गुरुवार को इन केन्द्रों में नहीं हुई धान खरीदी गुरुवार को ज्यादा धान जाम होने वाले केन्द्र उमरवाही, भानपुरी, तेन्दूनाला में खरीदी नहीं हुई। लेकिन धान का उठाव करने उन खरीदी केन्द्रों में गाड़ियां लगाई गई थी और वहां भी तेजी से उठाव किया जा रहा है। समिति प्रबंधकों ने बंद का निर्णय वापस लिया और जिले के 92 केन्द्रों में खरीदी की गई। किसानों की समस्या को ध्यान में रख प्रशासन द्वारा जमीनी स्तर पर धान का उठाव किया जा रहा है। अब तक 35 लाख क्विंटल की खरीद चुके हैं, 4.50 लाख क्विंटल का उठाव जिले में 72380 किसानों से 35 लाख 80 हजार क्विंटल धान खरीदा गया। इसके मुकाबले 4 लाख 48 हजार क्विंटल का उठाव किया गया है। खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी ने बताया करीब 8 लाख क्विंटल का डीओ जारी किया गया। राइस मिलर्स तेजी से उठाव कर रहें है। रोज 1 लाख क्विंटल का उठाव करेंगे। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा ने बताया समिति प्रबंधकों ने 19 को बंद का निर्णय वापस लिया। गुरुवार को 3-4 ज्यादा जाम वाले केन्द्रों को छोड़कर शेष सभी केन्द्रों में खरीदी जारी रही। खरीदी जारी रखने हर संभव प्रयास जारी है। हम लगातार स्थिति पर नजरें रखे हुए हैं। अब अवकाश के दिनों में भी किया जाएगा उठाव प्रशासन ने धान जाम की समस्या से निपटने अब शनिवार और रविवार एवं त्योहारी अवकाश के दिनों में भी धान का उठाव करने निर्णय लिया है। अवकाश में ट्रांसपोर्टरों और राइस मिलर्स की गाड़ियां खरीदी केन्द्रों में लगेगी। गुरुवार को शहर से लगे केन्द्र ढाबा, गठुला, सोमनी, तिलई, पदुमतरा, सुरगी, सिंघोला से धान का उठाव किया गया।


