राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा सोमवार को झालावाड़ जिले के खानपुर में मत्स्य जयंती समारोह में शामिल हुए। मत्स्य भगवान मंदिर पर आयोजित कार्यक्रम में मीणा विकास सेवा समिति ने उनका स्वागत किया। मंत्री मीणा ने अपने संबोधन में नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ने और सामाजिक बुराइयों को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने पुराने समय की शैक्षिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए समाज को कुरीतियां त्यागकर भाईचारे से रहने का संदेश दिया। किरोड़ीलाल मीणा ने जनशक्ति का उदाहरण देते हुए इमरजेंसी काल का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी ने सभी नेताओं को जेल में डाल दिया था, लेकिन चुनाव में जनता ने उन्हें हरा दिया। झालावाड़ के विकास पर बोलते हुए उन्होंने भैरू सिंह और वसुंधरा राजे की सरकारों की सराहना की। कार्यक्रम में मीणा समाज के जिलाध्यक्ष रामसिंह मीणा की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा और मीणा समाज के राष्ट्रीय महासचिव हुकुमचंद मीणा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंत्री शाम 4:30 बजे खानपुर पहुंचे और 6:30 बजे वहां से रवाना हो गए। इससे पहले रविवार को मंदिर में जागरण का आयोजन किया गया था।


