राजस्थान में यूटीबी कर्मचारियों ने सेवाबहाली की मांग को लेकर अजमेर से जयपुर तक पैदल यात्रा शुरू की है। यह यात्रा 28 मार्च को अजमेर से शुरू होकर सोमवार को दूदू पहुंच चुकी है। कर्मचारी 1 अप्रैल को स्वास्थ्य भवन, जयपुर पहुंचेंगे। राजस्थान यूटीवी कार्मिक एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश शर्मा और कौशिक पंड्या ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिकित्सा विभाग ने कोविड काल से सेवाएं दे रहे सभी यूटीबी कार्मिकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इनमें नर्सिंग ऑफिसर, फार्मासिस्ट, एएनएम, रेडियोग्राफर और लैब तकनीशियन शामिल हैं। कर्मचारियों ने सेवा अभिवृद्धि और रिक्त पदों पर समायोजन के लिए सरकार को कई ज्ञापन सौंपे। धरना-प्रदर्शन भी किया। लेकिन सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। राज्य के मेडिकल कॉलेज से लेकर ग्रामीण स्तर तक काम कर रहे हजारों कर्मचारी अब बेरोजगार हो गए हैं। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री स्तर से वार्ता का प्रस्ताव नहीं आता, तब तक यह आंदोलन और पैदल यात्रा जारी रहेगी। राजस्थान यूटीबी कार्मिक एसोसिऐशन के प्रदेश संयोजक कौशिक पंड्या ने बताया कि यूटीबी कर्मचारियों की न्याय यात्रा जयपुर पहुंची एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश शर्मा यात्रा में भूख हड़ताल पर हैं जिनकी हालत लगातार नाजुक होती जा रही है। लेकिन सरकार और प्रशासन की तरफ से किसी भी तरह का वार्ता का प्रस्ताव नहीं आ रहा है, जब तक मुख्यमंत्री स्तर पर वार्ता नहीं होती भूख हड़ताल लगातार जारी रहेगी और कल समस्त कर्मचारी स्वास्थ्य भवन का घेराव करेंगे।


