रीवा में सोमवार को बाइक और हाइवा ट्रक की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। ईद की नमाज अदा करने के बाद ये लोग एक ही बाइक पर सवार होकर मोहनिया टनल घूमने गए थे। वहां से लौटते समय चौडियार मोड़ के पास हादसा हो गया। टक्कर के बाद पल्सर बाइक के कई टुकड़े हो गए। हादसे में सत्यम साकेत, मोहम्मद जुम्मन, मोहम्मद अफ़रीद मंसूरी और मोहम्मद शादाब की मौत हो गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने गुढ़ पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है। मां से कहा था- शाम तक लौट आऊंगा
मृतक मोहम्मद जुम्मन की मां शाहबानो ने बताया कि मेरा बेटा घर पर बैठा हुआ था। दोपहर में उसके कुछ दोस्त आए और उसे साथ ले गए। जुम्मन ने मुझसे कहा कि आज त्योहार है इसलिए घूमने के लिए जा रहा हूं। शाम तक घर वापस लौट आऊंगा। लेकिन बेटा तो वापस आया नहीं, उसके मौत की खबर आई। हादसे में इनकी हुई मौत परिजन बोले- तेज रफ्तार से आ रहा था ट्रक
मृतक मोहम्मद शादाब के परिजन मोहम्मद राशिद ने बताया कि हादसा ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ है। ट्रक काफी रफ्तार में था। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही खड़ा करके फरार हो गया। परिजन ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार करने की मांग की है। देखिए तस्वीरें पिता बोले- बिना बताए दोस्तों के साथ गया था बेटा
मोहम्मद जुम्मन के पिता मोहम्मद उमर ने बताया कि मेरा बेटा और उसके सभी दोस्त कैमरे के साथ फोटो शूट करवाने के लिए मोहनिया टनल गए थे। वह ईद की नमाज अदा करने के बाद ही फोटोशूट के लिए जाने की जिद कर रहा था। उसने खर्च के लिए 500 रुपए भी मांगे थे लेकिन मैंने वहां जाने से मना कर दिया था। बाद में चुपके से बिना मुझे बताए अपनी मां को कहकर चला गया। सभी दोस्तों ने मिलकर तय किया था कि फोटोशूट के लिए सबसे अच्छी जगह मोहनिया टनल है।


