कोरिया। कोरिया जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में मौजूद सभी चूजों, अंडों, मुर्गियों और बटेरों को नष्ट कर दिया गया है। कोरिया कलेक्टर ने एक किलोमीटर तक के क्षेत्र को इंफेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर के क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया है। इस क्षेत्र में मुर्गे-मुर्गियों व अंडों की बिक्री प्रतिबंधित किया गया है। कोरिया में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद सूरजपुर एवं सरगुजा जिले में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। कोरिया जिले में बैकुंठपुर के प्रेमाबाग स्थित शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में 12 मुर्गियों में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि हुई है। भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज की रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने सोमवार को आपातकालीन बैठक आयोजित कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। नष्ट किए गए अंडे, चूजे एवं मुर्गियां
प्रशासन द्वारा रातभर अभियान चलाकर कुक्कुट पालन केंद्र में मौजूद 19095 अंडे, 9998 चूजे, 2487 एडल्ट मुर्गियां और 2448 बटेरों को नष्ट किया गया। पशु चिकित्सा सेवाओं की उप संचालक विभा सिंह बघेल के नेतृत्व में पूरा अमला पीपीई किट पहनकर अंडे, मुर्गियों एवं चूजों को नष्ट करने में जुटा रहा। सभी पक्षियों को केंद्र के भीतर ही खोदे गए गड्ढों में दफनाया गया,ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। पक्षियों को नष्ट करने के बाद अब केंद्र को पूरी तरह से सेनिटाइज किया जा रहा है। मौके पर अपर कलेक्टर अरुण मरकाम, एसडीएम दीपिका नेताम, तहसीलदार अमृता सिंह और पशु चिकित्सा सेवाओं के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा बर्ड फ्लू को लेकर ऐहतियात सरगुजा एवं सूरजपुर में भी अलर्ट
कोरिया के पूर्व रायगढ़ में बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। कोरिया में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद सरगुजा एवं सूरजपुर जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। बर्ड फ्लू का कोई भी लक्षण दिखने पर तत्काल इसकी सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।


