कोरबा | जैन बहु मंडल ने महिलाओं के लिए 5 दिवसीय शिविर आयोजित किए। इसमें धार्मिक संस्कारों के साथ साथ सामान्य जागरूकता के कार्यक्रम से सभी को जोड़ा गया। आयोजन में ध्यान, प्रार्थना, 25 बोल, थोकड़े, प्रश्न-मंच जैसी विभिन्न कक्षाओं का संचालन किया गया। शिविर के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अन्नपूर्णा बोर्डे ने महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य की समस्याओं पर चर्चा करते हुए समाधान का मार्ग बताया। उन्होंने महिलाओं को सेल्फ केयर के महत्व भी बताए। डाइटिशियन डॉ. रिया दुबे ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवन शैली के विषय में विस्तार से जानकारी दी। भारतीय योग संस्थान की आभा अग्रवाल और कंचन ने सूक्ष्म क्रियाओं और योग आसनों से शरीर को संतुलित करने की विधि सिखाई। प्रणायाम और भ्रामरी जैसी तकनीकों का अभ्यास स्वस्थ शरीर के लिए कितना जरूरी है, यह भी बताया।


