जिले के ग्रामीण इलाकों में कोटा महोत्सव का रंग दिखने लगा है। प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों कई प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। गुरुवार को कनवास के मौरुकलां पंचायत दरा मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। जिसमें कश्मीरी, हरियाणवी कलाकारों के साथ स्थानीय लोक कलाकारों ने समां बांधा। एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने बताया कि तीन दिवसीय कोटा महोत्सव का शुभारंभ 23 दिसंबर को सुबह खड़े गणेश जी मंदिर में पूजा अर्चना के साथ होगा। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चंबल रिवरफ्रंट के शौर्य घाट पर कई कार्यक्रम होंगे। रोज सेलिब्रिटी नाइट के प्रोग्राम किए जाएंगे। सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर संगीतमय संध्या की प्रस्तुति देंगी। द रोक यंग ड्रग बैंड, स्टैंडअप कॉमेडियन अपनी प्रस्तुति देगा। 24 दिसंबर को कोटा के पाटन पोल क्षेत्र में स्थित बड़े मथुरादीशजी मंदिर से हेरिटेज वॉक शुरू होगा। जिसमें सभी से साफा बांधकर आने को अपील की है। हेरिटेज वॉक के आखरी में सभी लोगो के साथ कोटा कचौरी का जायका लिया जाएगा। 25 दिसंबर को मूंछ प्रतियोगिता, साफा प्रतियोगिता, कोटा डोरिया साड़ी फैशन शो करवाया जाएगा। फोटो, पेंटिंग प्रदर्शनी, लघु फिल्मोत्सव, युवा कार्यक्रम, कोटा डोरिया शो, किशोर सागर में बोट पर बैंड वादन एवं आतिशबाजी, फूड कोर्ट, प्रस्तावित हैं।


