जबलपुर में बीती रात खमरिया थाना क्षेत्र के पिपरिया में शराब दुकान में फायरिंग कर बदमाशों ने दहशत फैलाई। थाने से थोड़ी दूरी स्थित शराब दुकान में हुई फायरिंग की वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। खुलेआम तीन-चार राउंड फायर किए पिपरिया स्थित शराब दुकान में फायरिंग की घटना के बाद सनसनी फैल गई। हालांकि, गनीमत ये रही की फायरिंग की घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि शराब दुकान में पहुंचा नकाबपोश युवक खुलेआम तीन से चार राउंड फायर कर वहां से फरार हो गया। पुलिस कर रही आरोपी की तलाश रांझी सीएसपी विवेक गौतम ने कहा कि, शराब दुकान में फायरिंग कर फैलाई गई दहशत की पीछे बदमाशों का क्या मकसद था, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शराब दुकान कर्मचारियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। फायरिंग की असल वजह पता लगाने शराब दुकान में तैनात कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।


