स्कॉटल हाई स्कूल प्रशासन पर अभिभावकों ने अनुचित फीस वृद्धि का आरोप लगाया है। मंगलवार को अभिभावकों ने स्कूल परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। अभिभावकों ने आरोप लगाया- स्कूल ने बिना किसी पूर्व सूचना के अगले तीन वर्षों के लिए फीस में भारी बढ़ोतरी कर दी है। स्कूल की वार्षिक फीस 2023-24 में 60,500 रुपए थी। यह 2024-25 में बढ़कर 77,500 रुपए और 2025-26 में 96,500 रुपए हो जाएगी। इसके अलावा किताबें, स्टेशनरी, स्कूल ड्रेस, जूते और स्कूल बस की फीस भी अतिरिक्त लगभग 50,000 रुपए वार्षिक देनी पड़ती है। 350 से अधिक अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से फीस वृद्धि रोकने की मांग की है। प्रधानाचार्या और निदेशक से कई बार मिलने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला है। स्कूल प्रशासन न तो अभिभावकों की समस्या सुन रहा है और न ही कोई संतोषजनक जवाब दे रहा है। अभिभावकों ने जिला मजिस्ट्रेट को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि इस अप्रत्याशित फीस वृद्धि से उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए हैं। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से शैक्षिक नियमों के अनुपालन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है।


