भास्कर न्यूज | बंडामुंडा रेलनगरी बंडामुंडा में पिछले कुछ दिनों से चल रहे रेलवे जमीन विवाद से स्थानीय लोगों को राहत मिली है। पिछले एक महीने से बंडामुंडा की रेलवे जमीन पर बसे बस्तियों और कॉलोनी के बीच मौजूद झोपड़ियों को हटाने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को नोटिस भेजी जा रही थी। इस बीच, स्थानीय लोगों ने इस समस्या से बचने और अपने घरों को टूटने से बचाने के लिए दिलीप राय से गुहार लगाई थी। जिसके बाद दिलीप राय ने बस्ती के लोगों के पक्ष में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से इस संबंध में बात की। जिसके बाद रेल अधिकारियों द्वारा फिलहाल बंडामुंडा के बस्ती के घरों को नहीं तोड़ने का आश्वासन देने की बात सामने आई है। साथ ही कॉलोनी में मौजूद घरों को भी नहीं तोड़ने के लिए दिलीप राय ने रेल अधिकारियों से बात की है। दिलीप राय द्वारा किए गए इस पहल से स्थानीय गरीब लोगों ने राहत की सांस ली है। साथ ही क्षेत्र के लोगों ने दिलीप राय को धन्यवाद दिया है। मौके पर भाजपा के बंडामुंडा मंडल अध्यक्ष लखन लोहार ने बताया कि दिलीप राय के प्रयास से लोगों की मुश्किलें दूर हुई हैं। उन्होंने बताया कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के साथ भाजपा हमेशा है और आगे भी रहेगी।


