युवक ने हथौड़े से 10 वार कर पत्नी-चाची को मारा:ब्रेन में घुस गई थीं हड्‌डी; पिता ने 2-साल पहले एक करोड़ का मकान बेचा था

जयपुर में युवक ने गर्भवती पत्नी और विधवा चाची के चेहरे-सिर पर हथौड़े से करीब 10 वार किए थे। दोनों की हत्या के बाद युवक पंकज कुमावत ने भी सुसाइड कर लिया था। मंगलवार को तीनों का पोस्टमॉर्टम किया गया। दोनों महिलाओं के चेहरे और सिर पर 10-10 चोट के निशान हैं। कांवटिया हॉस्पिटल के अतिरिक्त अधीक्षक धीरज वर्मा ने बताया- पत्नी सुनीता कुमावत (33) और चाची मधु कुमावत (55) के सिर, चेहरे व गाल पर हथौड़े की करीब 8 से 10 चोट पड़ी थी। सिर की हड्डी कई जगह से चकनाचूर हो गई। जो ब्रेन के अंदर तक घुस गई थीं। इस वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पंकज के पिता ने करीब दो साल पहले पुश्तैनी मकान एक करोड़ रुपए में बेचा था। इसमें से तीनों भाइयों को 25-25 लाख रुपए दे दिए थे। तीनों ने अपने अलग-अलग मकान बना लिए थे। आर्थिक तंगी जैसी बात से परिवार दबी जबान में इनकार कर रहा है। मोबाइल फोन खोलकर करेंगे जांच
सीआई करधनी सवाई सिंह ने बताया- पुलिस ने घटना के बाद मौके से तीनों के मोबाइल, इलाके में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज और बच्चों के बयानों को रिकॉर्ड में रख लिया है। अब तीनों के मोबाइल फोन को खोल कर उनकी जांच की जाएगी। बच्चों से पूछताछ करनी है कि आखिर कैसे यह घटना हुई थी। बेटे यांश कुमावत (9) को उसके चाचा और भतीजे हिमांक (9) को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया था। सुनीता के भाई की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज की है। वहीं, पंकज के विसरा को जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है। इससे पता चलेगा कि वारदात के दौरान आरोपी ने किसी प्रकार का कोई नशा किया हुआ था या नहीं। दोनों महिलाओं के भी विसरा जांच के लिए एफएसएल को भेजे जाएंगे। 2 साल पहले ही बनाया था मकान
अभी तक परिवार ने भी घटना को लेकर पुलिस के साथ कोई जानकारी साझा नहीं की है। न ही पंकज के बारे में कोई जानकारी दी है कि वह आर्थिक तंगी से कैसे लड़ रहा था। करीब दो साल पहले ही उसने परिवार से अलग होकर यहां पर मकान बनाया था। पंकज ने मकान भी काफी अच्छा बनाया हुआ था। 4 पॉइंट में समझिए पूरा घटनाक्रम… 1. पत्नी और चाची पर हथौड़े से वार किया
सीआई सवाई सिंह ने बताया- पंकज कुमावत (36) बैनाड़ स्टेशन के पास पत्नी सुनीता कुमावत, चाची मधु कुमावत और बेटे यांश के साथ रहता था। पंकज का भतीजा हिमांक भी इन दिनों घर पर आया था। पंकज ने 31 मार्च को पत्नी और चाची की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद ने भी फंदा लगाकर जान दे दी। 2. बेटा दौड़कर आया तो उस पर भी हमला किया
सीआई ने बताया- पंकज फाइनेंस के काम के साथ ही ऑटोरिक्शा चलाता था। वह सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे घर आया। सबसे पहले पत्नी सुनीता पर हथौड़े से हमला किया। सुनीता के चीखने की आवाज सुनकर पास के कमरे में टीवी देख रहा बेटा यांश भागकर आया तो वह फर्श पर गिरी पड़ी थी। आरोपी ने बच्चे पर भी हथौड़े से वार किया। 3. बच्चों ने घर से बाहर भागकर बचाई जान
शोर होने पर पंकज की चाची मधु कमरे से बाहर आई। मधु ने यांश को पकड़कर पीछे किया तो पंकज ने चाची पर हथौड़े से वार कर दिया। मौका मिलने पर यांश और हिमांक घर से बाहर भाग गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। बच्चों को चिल्लाता देख कर कॉलोनी के लोग दौड़ते हुए घर की तरफ आए। इसी दौरान पंकज ने कमरे में घुसकर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। 4. घर में बिखरा था खून ही खून
पड़ोसियों ने घर में देखा तो फर्श पर खून ही खून बिखरा था और खून से सनी दो लाशें पड़ी थी, जबकि पंकज का शव फंदे से झूल रहा था। कॉलोनी के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। ……………………….. यह खबर भी पढ़ें… जयपुर में गर्भवती पत्नी-चाची की हथौड़ा मारकर हत्या:बेटे पर हमला किया तो वह भागा, फिर युवक ने खुद भी फंदा लगाकर सुसाइड किया जयपुर में युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी, विधवा चाची की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने अपने बेटे पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह बचकर बाहर भाग गया। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *