उत्तर पश्चिम रेलवे ने ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रेल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि भगत की कोठी (जोधपुर) से बांद्रा टर्मिनस के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 5 अप्रैल से 28 जून 2025 तक चलेगी। ट्रेन नंबर 04827 भगत की कोठी से हर शनिवार दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी। ये अगले दिन सुबह 7:25 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04828 बांद्रा टर्मिनस से हर रविवार सुबह 10:30 बजे चलेगी। ये अगले दिन सुबह 4:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में कुल 13-13 ट्रिप होंगे। ट्रेन में एक सेकेंड एसी, 6 थर्ड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 7 स्लीपर क्लास, 4 जनरल और 2 पावर कार सहित कुल 22 डिब्बे होंगे। ये ट्रेन लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबू रोड, पालनपुर, महेसाणा, साबरमती, वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर रुकेगी।


