मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली बालिका का शव दूसरे दिन मिला है। नगर निगम की गोतख़ोर टीम ने घटनास्थल से करीब 22 किमी दूर नमाना तलाब (आड़ा तलाब) से शव को रेस्क्यू किया। इस तलाब से होकर नहर निकलती है। बालिका का शव झाड़ियों में फंसा हुआ था। निगम की टीम ने डेड बॉडी को पुलिस को सुपुर्द किया। नांता थाना SHO नवल किशोर शर्मा ने बताया कि 10 साल की खुशी नांता थाना क्षेत्र के मोहनलाल सुखाड़िया आवासीय योजना में रहने वाली थी। बुधवार शाम से लापता हुई थी। रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। घर से 800 मीटर दूर बड़गांव नहर के पास उसकी साइकिल मिली। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि पड़ोसियों की शिकायत के बाद मां ने उसे डाटा था। इससे नाराज होकर वो साइकिल लेकर निकल गई थी। गुरुवार से ही पुलिस, नगर निगम के गोताखोर व एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाशी में लगी हुई थी। नहर में पानी भी बंद करवाया। आज सुबह फिर से नहर में तलाशी अभियान चलाया। साढ़े 11 बजे करीब बालिका का शव मिला। शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है।पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।


