केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बारे में कथित अशोभनीय टिप्पणी करने के विरोध में शुक्रवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के कार्यकर्ताओं ने जंक्शन स्थित लाल चौक पर अमित शाह का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की है। इस मौके पर रघुवीर वर्मा ने कहा कि संविधान निर्माता का अपमान करने वाले व्यक्ति को हिन्दुस्तान में किसी पद पर रहने का अधिकार नहीं है। अमित शाह को तुरंत अपने मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए। बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि जिस संविधान-लोकतंत्र के तहत अमित शाह गृह मंत्री पद पर हैं, उसी संविधान के निर्माता के बारे में कही गई उनकी बात से देशभर के लोगों में आक्रोश है। अमित शाह को गृह मंत्री पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है। राष्ट्रपति को अतिशीघ्र अमित शाह से इस्तीफा लेना चाहिए। इसके साथ अमित शाह को बाबा साहेब के बारे में कही गई बात को लेकर पूरे देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।


